Advertisement
Triyuginarayan - World’s Most Divine Wedding Destination
Couples are choosing the sacred land of Lord Shiva’s wedding to begin their own love stories.
Example Ads Media
हरिद्वार: हरिद्वार में मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना से पूरा शहर गुस्से में है। सोमवार को बच्ची की कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने रोड पर जाम लगाकर हंगामा किया था। गुस्साए लोगों को शांत कराने के लिए एसएसपी खुद मौके पर पहुंचे थे। एसएसपी ने दुष्कर्म और हत्या के दूसरे आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का दावा किया था, लेकिन मंगलवार को ये मियाद भी खत्म हो गयी। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार शाम को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शहर के बड़े बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे पर भी सड़क पर उतर आए और ऋषिकुल तिराहे पर जाम लगा दिया। गुस्साए लोग पुलिस के खिलाफ नारे लगा रहे थे। जनाक्रोश देखकर मौके पर पहुंची पुलिस के भी हाथ-पैर फूल गए। मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी। मंगलवार को शहर के तमाम संगठनों ने मासूम को श्रंद्धाजलि देने के लिए मशाल और कैंडल मार्च निकाला। बाद में जनसमूह ऋषिकुल तिराहे पर पहुंचा और वहां जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शनकारी मौके पर जमे रहे। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी चलती रही। एलआईयू ने जन आक्रोश भड़कने की खबर पुलिस को पहले ही दे दी थी, ऐसा ही हुआ भी।