हल्द्वानी: रामनगर के जंगल में लापता प्रॉपर्टी डीलर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मरने वाला प्रॉपर्टी डीलर हल्द्वानी का रहने वाला था। वो 9 फरवरी को अचानक लापता हो गया था। पुलिस युवक की तलाश कर रही थी, शुक्रवार को उसकी लाश रामनगर के सीतावनी जंगल में पड़ी मिली। मौके से जहर की शीशी भी मिली है। सड़क किनारे एक कार भी खड़ी थी। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। शुक्रवार को रामगनर वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाले वन क्षेत्र में कर्मचारी गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भंडारपानी गेट से तीन किलोमीटर पहले सड़क किनारे एक कार खड़ी देखी। संदेह होने पर वनकर्मियों ने आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की। इस दौरान चौबटिया के कक्ष संख्या चार में सागौन के पेड़ के नीचे एक शव पड़ा मिला। मौके से काले रंग के दो बैग भी मिले।