देहरादून: उत्तराखंड में चर्चाओं से सियासी भूचाल मचा है। शनिवार को देहरादून में आनन-फानन में कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। जिसमें हिस्सा लेने के लिए बीजेपी के पर्यवेक्षक के तौर पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह व बीजेपी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार उत्तराखंड पहुंचे। बैठक के बाद इन दोनों के दिल्ली रवाना होने के साथ ही बीजेपी के भीतर सन्नाटा पसर गया है। अब सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के भाग्य का फैसला बीजेपी हाईकमान के हाथों में है। पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के आधार पर केंद्रीय नेतृत्व के अगले कदम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत भी आज दिल्ली रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि आज उन्हें गैरसैंण में एक कार्यक्रम में शिरकत करनी थी, लेकिन वो सारे कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली निकल गए हैं। देहरादून में बीजेपी के दफ्तर में भी सन्नाटा पसरा है। अब अंतिम फैसला हाईकमान को ही लेना है।