चमोली: उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन के बाद राजनीतिक-प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव दिख रहे हैं। पूर्ववर्ती सरकार के फैसलों को पलटा जा रहा है। नए सीएम तीरथ सिंह रावत ने पहले कुंभ में आने के लिए कोरोना टेस्ट की अनिवार्यता को खत्म कर दिया। अब घाट-नंदप्रयाग सड़क चौड़ीकरण को लेकर भी सीएम तीरथ सिंह रावत ने बड़ा फैसला लिया है। त्रिवेंद्र सरकार के कार्यकाल में घाट-नंदप्रयाग सड़क आंदोलनकारियों पर पुलिस ने लाठियां भांजी थी। सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था। इसे लेकर सीएम तीरथ सिंह रावत ने आंदोलनकारियों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने आंदोलनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों की मांग पूरी करने का आश्वासन भी दिया है। सीएम तीरथ सिंह रावत ने घाट-नंदप्रयाग सड़क चौड़ीकरण के काम को जल्द पूरा किए जाने का भरोसा दिलाया है।