उत्तराखंड: 90 फीट गहरे बोरवेल में मिला लापता युवक का शव..4 दिन से लापता था

पुलिस ने बोरवेल से शव निकालकर पहचान कराई तो सोनू के परिजनों के होश उड़ गए। जवान बेटे का शव देख परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
Advertisement Cheapest Chardham Yatra 2026 Package? The Price Will Shock You!

Planning Chardham in 2026? These 5 Packages Are Getting Booked Fast

Example Ads Media
Haridwar News: Dead body found in Haridwar borewell
Image: Dead body found in Haridwar borewell

हरिद्वार: हरिद्वार में पिछले कई दिनों से लापता युवक का शव बोरवेल में पड़ा मिला। घटना की खबर जैसे ही इलाके में फैली, मौके पर भीड़ जुट गई। बाद में पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाने के बाद गैस कटर से पाइप को काटा। इस तरह 16 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव ट्यूबवेल के 90 फीट गहरे बोरवेल से बाहर निकाला जा सका। युवक की मौत अपने पीछे कई सवाल छोड़ गई है। मरने वाले युवक की शिनाख्त रुड़की के बेलड़ा गांव में रहने वाले सोनू के तौर पर हुई। सोनू चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। शुक्रवार को उसकी बाइक कलियर क्षेत्र के रहमपुर गांव के पास सरकारी ट्यूबवेल के पास मिली थी। सूचना पाकर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने परिजनों से बाइक की पहचान कराई। इस बीच ग्रामीणों ने बताया कि बोरवेल के अंदर से दुर्गंध आ रही है, युवक का शव बोरवेल में पड़ा हो सकता है। आगे पढ़िए

दुर्भाग्य से ग्रामीणों की आशंका सच साबित हुई। बोरवेल में शव पड़ा हुआ था। शुक्रवार शाम को मौके पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। जिसमें करीब 16 घंटे लगे। पुलिस ने शव निकालकर पहचान कराई तो सोनू के परिजनों के होश उड़ गए। जवान बेटे का शव देख परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। साथ ही कुछ लोगों पर शक भी जताया है। वहीं पुलिस ने बताया कि बोरवेल से शव निकालने के लिए रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जेसीबी से मिट्टी हटाकर दस-दस फीट के पाइप काटे गए। करीब 16 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। फिलहाल युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी। मृतक की जेब से एक मोबाइल भी मिला है। पुलिस युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है। शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।