उत्तराखंड में तैयार हो रही थी नकली दवाओं की खेप..20 लाख की एंटीबायोटिक बरामद

रुड़की स्थित फैक्ट्री में नकली एंटीबायोटिक दवाएं बनाई जाती थीं, जिन्हें प्रदेश ही नहीं दूसरे राज्यों में भी बेचा जाता था।
Advertisement भीड़ से दूर, स्वर्ग के सबसे पास – केदार हिमालय के Hidden Treks

बुग्याल, हिमालयी वन और बर्फीली चोटियों का अद्भुत नज़ारा। आध्यात्म, रोमांच और एकांत का अनोखा संगम।

Example Ads Media
Haridwar News: Raid on drug factory in Haridwar
Image: Raid on drug factory in Haridwar

हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस ने नकली दवाएं बनाने और बेचने वाले एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। यहां भगवानपुर में एक फैक्ट्री में नकली दवाएं बनाने का धंधा हो रहा था। फैक्ट्री में नकली एंटीबायोटिक दवाएं बनाई जाती थीं, जिन्हें प्रदेश ही नहीं दूसरे राज्यों में भी बेचा जाता था। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि फैक्ट्री मालिक फरार है। मौके से 20 लाख रुपये की नकली एंटीबायोटिक भी बरामद की गईं। इस मामले में पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना लकेश्वरी भगवानपुर क्षेत्र की है। यहां एक फैक्ट्री में नकली दवाइयां बनाने का कारोबार चल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने औषधि नियंत्रण विभाग के साथ मिलकर फैक्ट्री में छापा मारा। इस दौरान फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली एंटीबायोटिक बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से जावेद पुत्र इरशाद, निवासी गागलहेडी रोड रायपुर थाना भगवानपुर को भी गिरफ्तार किया है।

यह भी पढ़ें - बड़ी खबर: उत्तराखंड में वीकेंड कर्फ्यू लगाने की तैयारी..कोरोना के बढ़ते मामलों ने डराया
पुलिस पूछताछ में जावेद ने बताया कि फैक्ट्री का मालिक डॉ. खालिद हुसैन पुत्र इकबाल है। वो सहारनपुर का रहने वाला है। छापेमारी वाले दिन आरोपी फैक्ट्री में मौजूद नहीं मिला। इस दौरान औषधि निरीक्षक और पुलिस टीम ने फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली एंटीबायोटिक बरामद की। यही नहीं मौके से दवा के रैपर और दवा बनाने की मशीनें भी बरामद की गईं। आरोपी जावेद ने बताया कि वो अपने मालिक के साथ मिलकर काफी समय से दवा फैक्ट्री में नकली दवाओं का निर्माण और बिक्री कर रहा था। खालिद हुसैन ने यह फैक्ट्री किराये पर ले रखी है। पुलिस को मौके से सात गत्ते की पेटियों में नकली दवाएं मिलीं। एक ड्रम में खुली नकली दवाएं भी रखी हुई थीं, जिनका वजन लगभग 40 किलो है। बरामद नकली दवाओं की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक समेत सभी आरोपियों के खिलाफ औषधि एवं सौन्दर्य प्रसाधन अधिनियम के साथ ही धोखाधड़ी और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।