आग लगने की वजहों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि लोगों का कहना है कि हादसे से पहले उन्होंने तेज आवाज सुनी थी। इसके बाद कार ने अचानक आग पकड़ ली।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Image: Fire in nainital parking
नैनीताल: प्रदेश में लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच सिर्फ जंगल ही नहीं जल रहे, पार्किंग में खड़ी गाड़ियां भी जल रही हैं। डराने वाली ऐसी ही कुछ तस्वीरें नैनीताल के हल्द्वानी शहर से आई हैं। जहां पार्किंग में खड़ी चार कारें अचानक धू-धू कर जलने लगीं। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक चारों कारें जलकर राख हो चुकी थीं। पार्किंग में खड़ी कारों में अचानक आग कैसे लगी, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। घटना बनभूलपुरा थाना क्षेत्र की है। यहां बरेली रोड गौजाजाली स्थित मस्जिद के पास एक पार्किंग में खड़ी कार में अचानक आग लग गई। आग पर काबू पाया जाता, इससे पहले ही आग ने एक के बाद एक कई गाड़ियों को चपेट में ले लिया। कारों को जलते देख लोग दहशत में आ गए।
देखते ही देखते आग की लपटें आसमान छूने लगीं। कारों को जलते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने बचाव के लिए यहां-वहां भागने लगे। बाद में फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, हालांकि फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही लाखों की कारें जलकर राख हो चुकी थीं। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया। राहत ये रही कि आग लगने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि चार कारें पूरी तरह जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गईं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने से पहले उन्होंने धमाके जैसी आवाज सुनी थी। तेज आवाज के बाद चारों कारों में आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद कहीं जाकर आग पर काबू पाया।