लंदन के डर्बी में होने वाले निकाय चुनावों में टिहरी और अल्मोड़ा के दो युवकों ने अपनी दावेदारी पेश की है।
-
अनुष्का
-
Advertisement
Cheapest Chardham Yatra 2026 Package? The Price Will Shock You!
Planning Chardham in 2026? These 5 Packages Are Getting Booked Fast
Example Ads Media
Image: Jayaprakash Joshi and Gaurav Pandey to contest body elections in London
टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के युवा अब देश-विदेश में राज्य का नाम ऊंचा कर रहे हैं। उत्तराखंड के युवा अब बाहरी देशों में चुनाव लड़ रहे हैं। उत्तराखंड के महत्वकांक्षी युवा अब बाहरी देशों में अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं और चुनाव में खड़े हो रहे हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और काबिलियत के बलबूते पर देवभूमि का नाम रोशन किया है। लंदन में इन दिनों निकाय चुनाव हो रहे हैं जिनमें उत्तराखंड के 2 युवाओं ने भी अपनी दावेदारी पेश की है और राज्य का नाम रोशन किया है। यह चुनाव आज होने हैं। टिहरी के घनसाली ब्लॉक के जयप्रकाश जोशी एवं अल्मोड़ा के गौरव पांडे दोनों ही आज लंदन में हो रहे निकाय चुनाव के लिए काउंसलर पद के उम्मीदवार हैं। बता दें कि यह दोनों ही युवा उत्तराखंड क्रांति दल प्रवासी मोर्चा के सक्रिय सदस्य हैं और यह दोनों पिछले 4 वर्षों से ब्रिटेन में कंजरवेटिव पार्टी से जुड़े हुए हैं। आपको बता दें कि यह कंजरवेटिव पार्टी ब्रिटेन की सत्तारूढ़ पार्टी है और काफी अधिक लोकप्रिय है। जयप्रकाश जोशी डर्बी शहर के सिनफीन एंड ओसमसटॉन वॉर्ड से कंजरवेटिव पार्टी के लिए काउंसलर पद के उम्मीदवार हैं।
जयप्रकाश जोशी मूल रूप से टिहरी के घनसाली ब्लॉक के रहने वाले हैं और उन्होंने मुंबई के श्री रघुवीर हाई स्कूल से शिक्षा प्राप्त की जिसके बाद उन्होंने पुरानी टिहरी से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने डर्बी कॉलेज के ब्रूमफील्ड हॉल से हॉर्टिकल्चर में डिप्लोमा लिया और वे पिछले 11 सालों से एक निजी कंपनी में क्वालिटी ऑडिटर के रूप में कार्यरत हैं। जबकि इससे पहले वह ब्रिटेन में एक रेस्टोरेंट में काम किया करते थे। वहीं अल्मोड़ा के गौरव पांडे मैकवर्थ एंड मॉर्ले वार्ड से कंजरवेटिव पार्टी के लिए काउंसलर पद के उम्मीदवार हैं। गौरव पांडे भी 4 वर्ष से इस पार्टी से जुड़े हुए हैं। वे 2005 में ब्रिटेन में आए थे। उन्होंने उधमपुर के केंद्रीय विद्यालय से 12वीं की और उसके बाद आईएचएम लखनऊ से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की। उसके बाद 2005 में वे ब्रिटेन आए और तब से वह ब्रिटेन में नौकरी कर रहे हैं। जय प्रकाश जोशी का मुकाबला डर्बी लेबर पार्टी के लीडर के साथ है और गौरव का मुकाबला डर्बी के पूर्व मेयर के साथ है। जयप्रकाश की सीट पर कुल 4 प्रत्याशी हैं और गौरव के विपक्ष में 5 प्रत्याशी हैं।
जय प्रकाश जोशी ने बताया कि यह उनका चौथा काउंसलर चुनाव है और वे तकरीबन 17 सालों से ब्रिटेन में रह रहे हैं। जब दोनों युवाओं से चुनाव लड़ने का कारण पूछा गया तो गौरव पांडे ने कहा कि विश्व युद्ध में भारतीयों ने ब्रिटेन के लिए युद्ध लड़ा, उनके लिए अपनी जान गंवाई लेकिन उसके बावजूद भी उनको वर्क परमिट के लिए यहां से वहां दौड़ना पड़ता है। ऐसे में भारतीयों के लिए ब्रिटेन में एक सुरक्षित जगह बनाने की जरूरत है जहां पर उनके साथ किसी भी प्रकार की ऊंच-नीच न हो और भारतीय भी ब्रिटेन में अन्य लोगों की तरह काम कर सकें। वहीं जयप्रकाश के मुताबिक उत्तराखंड के लोगों को विदेशों में अभी होटल और रेस्टोरेंट में काम करने वालों की निगाहों से देखा जाता है और उनको छोटा समझा जाता है। जयप्रकाश का कहना है कि वह खुद इस चीज से गुजर चुके हैं और यह है काफी मुश्किल होता है। वे चाहते हैं कि ब्रिटेन के लोगों का नजरिया बदले इसीलिए वे डर्बी शहर में सामाजिक राजनीतिक रूप से सक्रिय हुए और अब उनके कार्यों को देखते हुए कंजरवेटिव पार्टी ने उनको टिकट दे दिया है। आपको बता दें कि जयप्रकाश जोशी उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भी शामिल हो रखे हैं।