हल्द्वानी: भले ही उत्तराखंड में कर्फ्यू के कारण सरकार ने शराब के ठेके बंद कर दिए हैं मगर गैरकानूनी रूप से शराब बेचने वाले कर्फ्यू काल में अवैध शराब बेचकर अपनी जेबें भर रहे हैं। यह शराब के गैरकानूनी डीलर लोगों की मांग पर उनको शराब उपलब्ध करा रहे हैं और ब्लैक में शराब बेचकर उनसे मोटा पैसा वसूल कर रहे हैं। हल्द्वानी में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। हल्द्वानी में नवाबी तिराहे के पास पुलिस को निरीक्षण करने पर 12 पेटी देसी शराब की बरामद हुई है। पुलिस ने शराब के अवैध धंधे को अंजाम देने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि हल्द्वानी के नवाबी तिराहे के पास देसी शराब के सरकारी ठेके के बाहर एक गाड़ी में शराब की पेटियां लादते पुलिस को तीन युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीनों युवक डर गए और वहां से भागने लगे मगर पुलिस ने तीनों को धर दबोचा। गाड़ी के आगे एवं पीछे पुलिस का स्टीकर भी लगा हुआ है। पुलिस ने शराब बरामद कर ली है और अब तीनों के ऊपर मुकदमा दर्ज किया गया है। हीरा नगर पुलिस चौकी के उप निरीक्षक मनोज यादव ने पुलिस टीम के साथ मिलकर तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।