देहरादून: बीती 9 जुलाई को नए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश के रहने वाले एक शख्स की किताब का विमोचन किया था। अब इस शख्स पर जौहरी की पत्नी से .75 करोड़ रुपये की नकदी और जेवरात ठगने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रभावशाली लोगों संग तस्वीरें खिंचा कर दूसरों पर रौब गांठता था। जौहरी की पत्नी भी इसके झांसे में आ गई। पुलिस के मुताबिक ये हाई प्रोफाइल ठग राजनेताओं सहित प्रभावशाली लोगों के साथ फोटो खिंचवाने और अपने संपर्कों को दिखाने के लिए फेसबुक पर तस्वीरें पोस्ट करता रहता था। वो साधु बनकर ऐसे लोगों को ढूंढता था, जिन्हें आसानी से फंसाया जा सकता हो। बाद में वो उन्हें अपने प्रभाव में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया करता था। आरोपी का नाम महेंद्र रोड़े उर्फ योगी प्रियव्रत अनिमेष है, उसने साधु का वेश धारण कर महिला को ठगा था।