देहरादून: उत्तराखंड पुलिस में सब-इंस्पेक्टर पद पर भर्ती के लिए इंतजार कर रहे बेरोजगार युवाओं के लिए सुखद खबर सामने आ रही है। कैबिनेट द्वारा दरोगा सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी मिलने के साथ ही दरोगा के पदों पर भर्ती की राह भी खुल चुकी है। जी हां, पुलिस मुख्यालय ने दरोगा के करीब 150 पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। डीजीपी अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नई नियमावली के तहत अक्टूबर में दरोगा भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अब तक पुलिस मुख्यालय उप निरीक्षक सेवा नियमावली में बदलाव का इंतजार कर रहा था। कैबिनेट से नई नियमावली को हरी झंडी मिलने के साथ ही दरोगा पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है।