Mussoorie Nainital snowfall से पर्यटकों के उत्साह में किसी तरह की कमी नहीं आई, हालांकि शाम के समय ठंड बढ़ने पर सैलानी होटलों के कमरों में दुबक गए।
-
कोमल नेगी
-
Image: Seasons fourth snowfall in Mussoorie Nainital
देहरादून: मौसम ने आखिरकार पर्यटकों के मन की साध पूरी कर दी। रविवार को Mussoorie Nainital में snowfall का सैलानियों ने जमकर लुत्फ उठाया। कड़कड़ाती ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में सैलानी बर्फ में अठखेलियां करने के लिए इन शहरों में पहुंचे। यहां सैलानियों ने खूब फोटोग्राफी की। लाइव वीडियो शूट कर अपने परिचितों के साथ साझा किए। सोमवार को भी नैनीताल में जमकर बर्फबारी हुई। जिससे वहां पहुंचे पर्यटकों के चेहरे खिल गए। लोगों ने बर्फबारी में खूब मजे किए और फोटो खिंचवाईं। कड़ाके की ठंड के बावजूद पर्यटकों के उत्साह में किसी तरह की कमी नहीं आई। शाम के समय ठंड बढ़ने पर सैलानी होटलों के कमरों में दुबक गए। बात करें मसूरी की तो यहां पांचवें दिन भी मौसम खराब बना हुआ है। सोमवार को बुरांशखंडा में हल्की बर्फबारी हुई। शहर में भी बारिश हो रही है और हल्का कोहरा छाया हुआ है। रिमझिम बारिश के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की खबर मिलते ही लोग मसूरी और धनोल्टी के लिए दौड़ रहे हैं। शनिवार रात को भी मसूरी के ऊंचाई वाले इलाकों, धनोल्टी और चकराता में जमकर बर्फ पड़ी है।
रविवार को यहां पर्यटकों की खूब भीड़ देखी गई। मसूरी के माल रोड और आसपास के निचले इलाकों में बर्फ ज्यादा देर नहीं टिक पाई। वहीं लालटिब्बा और चार दुकान क्षेत्र में सीजन की चौथी बर्फबारी हुई। यहां पर्यटकों ने बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। एक साथ बड़ी संख्या में वाहनों के सड़क पर उतरने से यातायात का दबाव बढ़ गया है, जिससे बार-बार जाम की स्थिति भी पैदा हो रही है। बर्फबारी ने पर्यटकों को खुश कर दिया है, लेकिन स्थानीय लोगों के सामने तमाम तरह की मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। चारधाम सहित राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रहने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। चमोली जनपद में 100 से अधिक गांव बर्फ से ढके हैं। यहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई जगह सड़कें बंद हैं। सोमवार को भी अधिकतर क्षेत्रों में मौसम खराब है। आज देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। Mussoorie Nainital में फिर snowfall हो सकता है।