Advertisement
Triyuginarayan - World’s Most Divine Wedding Destination
Couples are choosing the sacred land of Lord Shiva’s wedding to begin their own love stories.
Example Ads Media
पौड़ी गढ़वाल: भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पार्टी और प्रत्याशी का चुनाव प्रबंधन देख रहे नेताओं पर चुनाव में हुए खर्च की धनराशि का भुगतान नहीं किए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि चुनाव में पार्टी के लिए मेहनत का सिला शाबासी के रुप में नहीं, बल्कि फर्जी कहकर दुत्कार के रुप में दिया जा रहा है। दरअसल पौड़ी में स्थित भाजपा के कार्यालय में उस समय माहौल तनातनी का हो गया जब विकास खंड पाबौ के कलूण गांव के रहने वाले भाजपा कार्यकर्ता विकास चौहान व अन्य ने पार्टी व प्रत्याशी का चुनाव प्रबंधन देख रहे नेताओं पर भुगतान नहीं किए जाने का आरोप लगाया। देखते ही देखते कार्यकर्ताओं व नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कुछ कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव की कोशिश की। लेकिन इस दौरान तक कार्यालय में कुछ कुर्सियां तक टूट गई। हालांकि बाद में किसी तरह मामला शांत जरुर हो गया। लेकिन मुख्यालय पौड़ी में दिनभर भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं व नेताओं के बीच हुई यह नोकझोंक व विवाद चर्चा का विषय बनी रही। आगे पढ़िए
नाराज कार्यकर्ताओं ने बताया कि पार्टी ने 6 दिन के लिए वाहन बुक किए। बुकिंग के अनुसार प्रतिदिन का 1 हजार रुपए और पेट्रोल-डीजल का खर्च का भुगतान किया जाना था। लेकिन चुनाव संपन्न होने के तीन दिन बाद भी चुनाव प्रचार में हुए खर्च की धनराशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खर्च का बिल बाउचर दिए जाने पर प्रबंधन देख रहे नेता अब कार्यकर्ताओं को फर्जी बता रहे हैं। बिल भुगतान को मना कर रहे हैं। नाराज कार्यकर्ताओ ने कहा कि पार्टी को ऐसे ही नेता नुकसान पहुंचा रहे हैं। पार्टी नेताओ ने कहा कि कुछ कार्यकर्ता फर्जी बिल लेकर भुगतान के लिए आए, जिसका भुगतान नहीं हो सकता है। वहीं भाजपा जिला महामंत्री जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि वो मुख्यालय पौड़ी से बाहर हैं। कार्यालय में हुए विवाद की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी कार्यकर्ता द्वारा अनुशासनहीनता का मामला सामने आने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।