Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
देहरादून: सीएम पुष्कर सिंह धामी खटीमा विधानसभा सीट से चुनाव हार चुके हैं। हालांकि, बीजेपी ने प्रदेश में सरकार गठन के लिए बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है। प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। इसी के साथ मुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन शुरू हो गया है। हमेशा की तरह इस बार भी कई दिग्गज नेता मुख्यमंत्री पद की दावेदारी कर रहे हैं।
इस बीच हाल में डोईवाला विधानसभा से विधायक बने बृजभूषण गैरोला ने भी सीएम पद को लेकर बड़ा बयान दिया है। बृजभूषण गैरोला ने कहा कि अगर त्रिवेंद्र सिंह रावत सीएम बनते हैं तो वो उनके लिए अपनी सीट खाली करने के लिए तैयार हैं। बृजभूषण गैरोला पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के बेहद खास माने जाते हैं। डोईवाला सीट पर बृजभूषण गैरोला को टिकट दिलाने में त्रिवेंद्र सिंह रावत का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अब जबकि बृजभूषण चुनाव जीत गए हैं तो वो त्रिवेंद्र के सीएम बनने पर उनके लिए सीट खाली करने की बात कह रहे हैं।
उधर, खटीमा से चुनाव हार चुके पुष्कर सिंह धामी के लिए भी दो विधायकों ने सीट खाली करने की पेशकश की है। इस तरह नेताओं के लिए कुर्सी खाली करने का दावा करने वालों की फेहरिस्त लंबी होती जा रही हैं। चंपावत विस से चुनाव जीतने वाले बीजेपी प्रत्याशी कैलाश गहतोड़ी ने भी सीएम पुष्कर सिंह धामी के लिए सीट छोड़ने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि अगर सीएम चुनाव लड़ने को राजी होते हैं तो वह इस्तीफा देने को तैयार हैं। बीजेपी प्रत्याशी गहतोड़ी ने कहा कि प्रदेश में आज जितनी भी सीटें बीजेपी के पक्ष में आई हैं वह धामी की बदौलत हैं। हालांकि कहा जा रहा है कि बीजेपी हाईकमान सीटिंग विधायकों में से ही किसी को सीएम बनाएगा। उत्तराखंड में सीएम की रेस में धन सिंह रावत, सतपाल महाराज के अलावा हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक और मसूरी से विधायक गणेश जोशी शामिल बताए जा रहे हैं।