Advertisement
Triyuginarayan - World’s Most Divine Wedding Destination
Couples are choosing the sacred land of Lord Shiva’s wedding to begin their own love stories.
Example Ads Media
ऋषिकेश: ऋषिकेश। योग की अंतरराष्ट्रीय राजधानी। यहां लोग आध्यात्म और शांति की तलाश में आते हैं, लेकिन कुछ लोगों ने इस जगह को अय्याशी का अड्डा समझ लिया है। ऋषिकेश में पर्यटकों द्वारा गंगा घाटों पर हुक्का गुड़गुड़ाने और शराब पीने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। दूसरे राज्य से आने वाले पर्यटक लक्ष्मण झूला और राम झूला क्षेत्र की पवित्रता और गरिमा को तार-तार कर रहे हैं। होली के दिन यहां कुछ पर्यटक गंगा किनारे शराब पीते हुए नजर आए। स्थानीय लोगों ने दोनों पर्यटकों को डांटा, साथ ही आगे से ऐसी हरकत न करने की हिदायत भी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें एक लड़का और लड़की लक्ष्मण झूला गंगा घाट के किनारे खुलेआम शराब पीते हुए दिखाई दे रहे हैं। यही नहीं दोनों गंगा के बीच मोटर बोट में बैठकर शराब पीने तक की बात कह रहे हैं।
जब एक व्यक्ति ने पर्यटकों को ऐसा करने से रोका तो युवक और युवती बहस करने लगे। समझाने के बावजूद लड़का और लड़की नहीं माने। मां गंगा की आस्था का भी लिहाज नहीं रखा। हालांकि जब बात बढ़ने लगी तो लड़का-लड़की गंगा घाट से अपने कमरे में शराब पीने के लिए चले गए। राफ्टिंग व्यवसायी और स्थानीय निवासी विनोद चौहान ने बताया कि लड़का और लड़की ने पहले गंगा के किनारे और फिर मोटर बोट में बैठकर शराब पी। घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है। क्षेत्र में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। वह इस प्रकार की घटनाएं कई बार देख चुके हैं, जो लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाती हैं। क्षेत्र की गरिमा बनाए रखने के लिए पुलिस को ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाना चाहिए। गंगा घाटों पर सुबह-शाम गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि मां गंगा और क्षेत्र की आस्था बरकरार रहे। गंगा के पवित्र घाटों को अय्याशी का अड्डा बनने से बचाने की जरूरत है।