खुशखबरी: सुरकंडा देवी के लिए रोप-वे सेवा शुरू, सिर्फ 10 मिनट लग रहा है वक्त..किराया बेहद कम

Surkanda Devi Ropeway service को लेकर श्रद्धालुओं में खूब उत्साह है। पहले दिन 240 से अधिक भक्तों ने रोपवे सेवा के जरिए मां सुरकंडा के दर्शन किए।
Advertisement Best Hidden Treks in Kedar Himalaya for True Mountain Lovers

A chance to reconnect with nature and inner peace. Treks in Kedar Himalaya that stay with you for a lifetime.

Example Ads Media
Surkanda Devi Ropeway service: Ropeway service started for Surkanda Devi
Image: Ropeway service started for Surkanda Devi

टिहरी गढ़वाल: टिहरी में स्थित सिद्धपीठ सुरकंडा देवी मंदिर के दर्शन अब आसान होंगे। यहां आने वाले भक्तों का सफर रोमांचक होने जा रहा है, क्योंकि अब वह रोपवे के माध्यम से मंदिर तक पहुंच सकते हैं।

Ropeway service for Surkanda Devi

मां सुरकंडा देवी मंदिर के लिए रोपवे सेवा शुरू कर दी गई है। पहले दिन करीब 240 श्रद्धालुओं ने रोपवे से सफर कर मंदिर में दर्शन किए हैं। रोपवे सेवा को लेकर श्रद्धालुओं में खूब उत्साह दिख रहा है। रोपवे से मंदिर तक आने-जाने का किराया 177 रुपये तय किया गया है। सुरकंडा देवी के मंदिर तक पहुंचने के लिए लोगों को पहले कद्दूखाल से मंदिर तक डेढ़ किमी की पैदल चढ़ाई करनी पड़ती थी। अब ये समस्या दूर हो गई है। 523 मीटर लंबे रोपवे से लोग महज पांच से दस मिनट में मंदिर पहुंच जाएंगे। कई दिनों के इंतजार के बाद बृहस्पतिवार को रोपवे को शुरू कर दिया गया। 32 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए रोपवे में 16 डिब्बे लगाए गए हैं। एक डिब्बे में छह लोग सफर कर सकते हैं। इस तरह एक समय में 96 लोग एक साथ सफर कर सकते हैं।

आपको बता दें कि सुरकंडा देवी मंदिर के लिए वर्ष 2015-16 में पीपीपी मोड में रोपवे बनाने की स्वीकृति प्रदान की गई थी। 2017 में पार्टनरशिप कंपनी ने रोपवे निर्माण का कार्य शुरू किया। सालों के इंतजार के बाद श्रद्धालुओं के लिए रोपवे सेवा शुरू कर दी गई है। उत्तराखंड के सुरकंडा देवी मंदिर पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी हवाई अड्डा जौलीग्रांट है। सबसे नजदीक रेलवे स्टेशन ऋषिकेश, हरिद्वार व देहरादून में है। देहरादून से वाया मसूरी होते हुए 73 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है, जबकि ऋषिकेश से वाया चंबा होते हुए 82 किमी की दूरी तय कर के भी यहां पहुंचा जा सकता है। एसडीएम धनोल्टी लक्ष्मीराज चौहान ने कहा कि रोपवे शुरू होने से श्रद्धालु खुश हैं। इसका किराया भी मात्र 177 रुपये रखा गया है। सभी तकनीकी जांच के बाद Surkanda Devi Ropeway का अनौपचारिक शुभांरभ कर दिया गया है।