Advertisement
Hidden Gem Treks of Kedar Himalaya You Must Explore Once in Life
Peaceful and untouched trekking routes away from the crowds. Hidden trails where nature still remains raw and pure.
Example Ads Media
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पूरे चरम पर है। ऐसे में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस को ध्येय वाक्य मित्रता, सेवा और सुरक्षा को चरितार्थ करने के लिए पूरे मनोयोग से काम करना होगा।
उत्तराखंड पर्यटन प्रदेश है और पुलिस हमारी ब्रांड एंबेसडर है। वह सुद्धोवाला में आईआरबी (दो) के प्रशासनिक भवन के लोकार्पण के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्मार्ट पुलिसिंग पर भी बात की। उन्होंने पुलिसकर्मियों से तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने को कहा। साथ ही कहा कि एसओजी, एसटीएफ, साइबर सेल जैसे अलग-अलग शाखाओं में काम करने वाले पुलिस कर्मियों की स्पेशल ट्रेनिंग कराई जाए। पुलिस विभाग में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया भी जारी है। खबर है कि पुलिस विभाग में 1700 पदों पर भर्ती होनी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में भारतीय रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के प्रस्ताव का परीक्षण किया जाएगा। सरकार को प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। इस मौके पर सीएम धामी ने द्वितीय चरण के भवनों का शिलान्यास भी किया।
उन्होंने सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि से अच्छा संदेश लेकर जाएं यह सबकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को नियमों का कड़ाई से पालन कराने और अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने आईआरबी के गठन, उसके उपयोग एवं भविष्य की कार्य योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अपर मुख्य सचिव (गृह) राधा रतूड़ी ने कहा कि पुलिसकर्मी यात्रियों के साथ विनम्रता का व्यवहार करें ताकि उत्तराखंड की छवि को और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों पर विशेष जोर देते हुए उनके कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाने के सुझाव दिए। कार्यक्रम में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर और एडीजी पीवीके प्रसाद समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।