Advertisement
Best Hidden Treks in Kedar Himalaya for True Mountain Lovers
A chance to reconnect with nature and inner peace. Treks in Kedar Himalaya that stay with you for a lifetime.
Example Ads Media
देहरादून: उत्तराखंड में अपराधियों का नेटवर्क बढ़ता जा रहा है। यहां की शांत वादियां इनके लिए सुरक्षित ठिकाना बनती जा रही हैं।
कुछ समय पहले दून में उत्तराखंड पुलिस और पंजाब पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शॉर्प शूटर पकड़ा गया था, और अब पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का एक उत्तराखंड कनेक्शन सामने आया है। यहां एसटीएफ और दून पुलिस ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों के मददगार को गिरफ्तार किया है। उसे बाद में पंजाब पुलिस की स्पेशल टीम के हवाले कर दिया गया। आरोपी युवक अपने साथियों के साथ हेमकुंड साहिब की यात्रा से लौट रहा था। बताया जा रहा है कि उसने हत्यारों को गाड़ी और हथियार मुहैया कराए थे। रविवार को पंजाब के मानसा जिले में फेमस पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की जिम्मेदारी जेल में बंद कुख्यात लॉरेंस विश्नोई ने ली है।
पंजाब पुलिस ने जांच शुरू की तो एक संदिग्ध युवक की लोकेशन उत्तराखंड के विभिन्न शहरों में पाई गई। पंजाब पुलिस की सूचना पर देहरादून पुलिस ने भी जाल बिछा दिया। सोमवार दोपहर पुलिस ने हरिद्वार बाईपास रोड पर संदिग्ध गाड़ियों की चेकिंग शुरू कर दी। इस बीच शिमला बाईपास पर नया गांव चौकी के पास बैरिकेडिंग पर दो संदिग्ध कारों को रोक लिया गया। इनमें छह युवक सवार थे। बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने एक युवक को चौकी में बैठा लिया। इस बीच पंजाब पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी युवक को अपने साथ ले गई। पकड़ा गया युवक अपने साथियों संग हेमकुंड की यात्रा से लौट रहा था। रोकी गई गाड़ियों से कोई संदिग्ध वस्तु या हथियार बरामद नहीं हुए हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि पकड़े गये युवक ने हत्यारों को हथियार और गाड़ी मुहैया कराई है, अब उससे विस्तृत रूप से पूछताछ की जाएगी। इस पूरे ऑपरेशन में उत्तराखंड एसटीएफ, दून पुलिस और पंजाब पुलिस की संयुक्त भूमिका रही।