Advertisement
जहां आज भी सिर्फ चरवाहे जाते हैं – केदार हिमालय के अनदेखे ट्रेक्स
प्रकृति, शांति और हिमालय – केदार के गुप्त ट्रेक्स.. यहां कदम रखते ही बदल जाती है सांस और सोच – Hidden Kedar Trails
Example Ads Media
रुड़की: हरिद्वार में रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र के ढिलमजरा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।
यहां पर संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई है। विवाहिता की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं ससुराल पक्ष पर लगे आरोपों के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है और मामले की जांच में जुट गई है। मौत कैसे हुई है इस बात की जानकारी तो अबतक नहीं मिल सकी है मगर मृतका को 2 माह पहले ही अपने पति के अवैध संबंध के बारे में जानकारी मिली थी। मिली गई जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय नरगिस पुत्री रियासत निवासी जमालपुर कलां थाना कनखल की शादी 4 साल पूर्व भगवानपुर थाना क्षेत्र के ढिलमजरा गांव निवासी फरमान के साथ हुई थी।
दो माह पूर्व नरगिस ने अपने पति का मोबाइल चेक किया तो उसमें एक युवती के साथ उसकी फोटो देखकर उसको शक हुआ। नरगिस ने जब इसकी जानकारी जुटाई तो मालूम हुआ कि उसके पति के एक युवती के साथ अवैध संबंध हैं। बताया जा रहा है कि बीते दिन अचानक नरगिस की तबीयत बिगड़ने लगी तो उसे एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। उसके पति के चाचा ने नरगिस के परिजनों को फोन पर इसकी जानकारी दी। वहीं आनन-फानन में परिजन भी वहां पहुंच गए। जिसके बाद नरगिस की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेजा। नरगिस के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसको जहरीला पदार्थ खिलाकर मारा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा।