राजघाट पर हुए घटनाक्रम के बाद अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी ने वीडियो जारी कर दिल्ली पुलिस पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बेटी के लिए न्याय मांगते हुए उन्हें अपमान और डर का सामना करना पड़ रहा है।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
No reels. No crowds. Just Kedar Himalaya - This trek doesn’t want to be famous..
Alpine meadows, dense forests, and snow-capped peaks in one journey. Suitable for both beginner and experienced trekkers.
Example Ads Media
Image: Ankita Bhandari Mother Alleges Misconduct
चमोली: अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक चर्चा में है। बीते रोज दिल्ली के राजघाट पर अंकिता के माता-पिता के साथ हुए घटनाक्रम के बाद उनकी मां सोनी देवी ने एक वीडियो जारी कर अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने दिल्ली पुलिस पर अभद्र व्यवहार करने और अस्पताल में भी दुर्व्यवहार किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना के बाद सोनी देवी की तबीयत बिगड़ने की बात भी सामने आई है।
Ankita Bhandari's Mother Alleges Misconduct
जानकारी के अनुसार, अंकिता भंडारी के माता-पिता दिल्ली स्थित राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि के पास बैठे थे। इसी दौरान वहां मौजूद मीडिया कर्मियों ने उनसे बातचीत करने की कोशिश की। सोनी देवी का आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनके और उनके पति के साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें जबरन वहां से हटाया। घटनाक्रम के बाद अंकिता की मां की तबीयत बिगड़ गई। सोनी देवी ने वीडियो जारी कर पूरी घटना पर नाराजगी जताई और कहा कि बेटी को खोने के बाद वे पहले ही दुख में हैं, ऐसे में उनके साथ इस तरह का व्यवहार बेहद पीड़ादायक है।
'मेरे साथ जो हुआ, उसे कभी नहीं भूल सकती'
वीडियो में सोनी देवी ने कहा कि अंकिता के माता-पिता अब किसी काम से बाहर भी नहीं जा सकते। वे राजघाट पर सुकून के लिए गए थे और उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि वहां मीडिया मौजूद है। सोनी देवी ने आरोप लगाया कि मीडिया कर्मियों के सवाल पूछने के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने दो महिला पुलिसकर्मियों पर भी दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। आगे पढ़िए..
उनका यह भी कहना है कि अस्पताल में उनकी नाक और गर्दन दबाई गई। सोनी देवी ने कहा कि इस घटना के बाद से उन्हें डर लग रहा है और उनके साथ पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार उनके साथ क्या कर रही है।
'जिस मां ने बेटी खोई, उसे इंसाफ के लिए भटकना पड़ रहा'
अंकिता की मां ने भावुक होते हुए कहा कि जिस मां ने अपनी बेटी को खोया हो, वह न्याय की गुहार लेकर दर-दर भटकने को मजबूर है। इसके बावजूद उसे सम्मान मिलने के बजाय अपमान और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने उनके दर्द को नौटंकी बताया। सोनी देवी ने सवाल किया कि अगर उनका न्याय मांगना नौटंकी है, तो सरकार उनके साथ क्या कर रही है।
क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड?
अंकिता भंडारी पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट डोभ गांव की रहने वाली थीं। वह ऋषिकेश के पास यमकेश्वर ब्लॉक के गंगा भोगपुर स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के पद पर काम करती थीं। 18 सितंबर 2022 को अंकिता अचानक लापता हो गई थीं। 24 सितंबर 2022 को चीला बैराज क्षेत्र की नहर से उनका शव बरामद हुआ था। इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो सहयोगियों अंकित गुप्ता व सौरभ भास्कर को आरोपी बनाया गया था। 30 मई 2025 को अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों को सजा मिलने के बावजूद मामले से जुड़े अन्य सवालों और न्याय की मांग को लेकर परिवार की ओर से आवाज उठाई जाती रही है। अब राजघाट पर हुए घटनाक्रम के बाद अंकिता की मां के आरोपों ने एक बार फिर इस मामले को चर्चा में ला दिया है।