Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
पौड़ी गढ़वाल: अग्निवीर बनकर सेना में सेवाएं देने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है।
अग्निपथ योजना के तहत 19 अगस्त से पौड़ी जनपद के कोटद्वार में अग्निवीर भर्ती रैली शुरू होने वाली है। इस दौरान अभ्यर्थियों को जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ कोरोना वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र लेकर भी आना होगा। प्रमाणपत्र न लाने वाले को रैली में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। मंगलवार को डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और सेना भर्ती अधिकारी कर्नल मुनीष शर्मा ने विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों की अहम बैठक में डीएम ने लोनिवि अधिकारियों को हर व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए। बिजली विभाग के अधिकारियों से भर्ती स्थल पर विद्युत व्यवस्था के साथ ही जनरेटर की व्यवस्था के लिए कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को भर्ती स्थल पर चिकित्सक टीम व एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा गया।
परिवहन विभाग को निर्देशित करते हुए कहा गया कि विभिन्न स्थानों पर वाहनों की किराया दर चस्पा कर दें, ताकि अभ्यर्थियों को जानकारी मिल सके। खाद्य विभाग को खाद्य व्यवस्था संबंधी जानकारी चस्पा करने और नगर निगम को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर अभ्यर्थियों के रहने की व्यवस्था राइंका सुखरो, कुंभीचौड़ व कोटद्वार में की जाएगी। बैठक में सेना भर्ती अधिकारी कर्नल मुनीष शर्मा ने बताया कि भर्ती रैली में गढ़वाल मंडल के सात जनपदों से 63360 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें चमोली के 9306, देहरादून के 9148, हरिद्वार के 6812, पौड़ी के 16330, रुद्रप्रयाग के 6357 और टिहरी के 9784 अभ्यर्थी शामिल हैं। उत्तरकाशी के 5623 अभ्यर्थी भी भर्ती रैली में हिस्सा लेंगे।