गोविंदनगर में रहने वाले तीन दोस्त शुक्रवार को सिद्धबली मंदिर गए थे, लेकिन लौटकर नहीं आए। अब तीनों के शव खोह नदी से बरामद हुए हैं।
-
कोमल नेगी
-
Image: Dead bodies of 3 friends found in Kotdwar Khoh river
कोटद्वार: पौड़ी गढ़वाल का कोटद्वार क्षेत्र। दो दिन पहले यहां रहने वाले तीन किशोर स्कूटी से सिद्धबली मंदिर घूमने गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे।
Dead bodies found in Kotdwar Khoh river
परिजन और पुलिस जगह-जगह तलाश करती रही, लेकिन किशोर नहीं मिले। अब इन्हें लेकर एक दुखद खबर मिली है। लापता चल रहे तीनों किशोरों के शव सोमवार को खोह नदी से मिले। बच्चों की मौत की सूचना मिलते ही तीनों के घरों में कोहराम मच गया। पुलिस ने हाईवे पर किशोरों की स्कूटी भी बरामद की। मामले की जांच जारी है। हादसा कैसे हुआ पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक गोविंदनगर के रहने वाले तीनों किशोर शुक्रवार घर से स्कूटी लेकर निकले थे। दो दिन से ये तीनों लापता थे। उनके मोबाइल भी बंद थे। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से तीनों की लोकेशन सिद्धबली के आसपास निकली थी। आगे पढ़िए
सोमवार को दुगड्डा मार्ग पर कोटद्वार से करीब छह किमी आगे खोह नदी के तट पर तीनों किशोरों के शव बरामद किए गए। कोटद्वार एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने तीनों शवों को खोह नदी से निकाला। हादसे में जान गंवाने वाले किशोरों की पहचान 16 वर्षीय आर्यन पुत्र वीरेंद्र सिंह, 13 वर्षीय मनु पुत्र संजीव क्षेत्री और 13 वर्षीय रौनक पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई। हादसे की वजह का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच कर रही है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बता दें कि ईद के दिन भी बिजनौर के रहने वाले चार लोगों की खोह नदी में डूबने से मौत हो गई थी। इन दिनों नदियों-गदेरों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में नदियों में नहाने के मोह से बचें, इनसे दूर रहें।