Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
रुद्रप्रयाग: हेली सेवाओं ने केदारनाथ धाम की यात्रा को आसान बनाया है। हर साल हजारों श्रद्धालु हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
अगर आप भी हेली सेवा के जरिए केदारनाथ धाम जाने की योजना बना रहे हैं तो ये खबर ध्यान से पढ़ें। इस साल हेली सेवाओं के टिकट की बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन होगी। तत्काल टिकट की बुकिंग भी ऑनलाइन कराने की योजना है। एक और बड़ा बदलाव होने जा रहा है। आमतौर पर टिकट बुकिंग का जिम्मा जीएमवीएन के पास होता है, लेकिन इस बार ये जिम्मेदारी जीएमवीएन से हटाकर आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड) को देने की तैयारी है। इसके लिए नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से आईआरसीटीसी को पत्र भेजा गया है। अभी तक होता ये था कि 70 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन व 30 प्रतिशत बुकिंग आन द स्पॉट, यानी मौके पर की जाती थी।
अब इस व्यवस्था को पूरी तरह ऑनलाइन किया जा रहा है। इस साल शेष 30 प्रतिशत टिकटों की बुकिंग रेलवे की तत्काल व्यवस्था के अनुसार होगी। जो यात्री गुप्तकाशी, सिरसी आदि हेलीपैड पर पहुंचकर बुकिंग कराना चाहते हैं, उन्हें उसी दिन आईआरसीटीसी की वेबसाइट से तत्काल ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से टिकट जारी किए जाएंगे। यह व्यवस्था पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी। बता दें कि बीते साल 1.36 लाख श्रद्धालुओं ने हेली सेवाओं से केदारनाथ धाम के दर्शन किए थे। इस बार चारधाम यात्रा की शुरुआत 22 अप्रैल से होगी। देश-दुनिया से आने वाले तीर्थयात्रियों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए सरकार तैयारियों में जुटी है। केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को खुलेंगे। बीते वर्ष चारधाम यात्रा में 45 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब के दर्शन किए थे।