मामूली सी बात पर शुरू हुए झगड़े ने इस कदर गंभीर रूप लिया कि नाव चालक पर्यटक संग मारपीट करने लगा। दूसरे नाव चालक भी मौके पर पहुंच कर पर्यटक संग बदसलूकी करने लगे। इतना ही नहीं नाव चालक ने पर्यटक और उसके बच्चों को झील में डुबाने की धमकी तक दे डाली। पर्यटक की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पर्यटक ने बताया कि वो यूपी के बिजनौर से पत्नी-बच्चों और अन्य परिजनों संग नैनीताल घूमने आए थे। दोपहर में उसने बोटिंग के लिए दो चप्पू नाव का टिकट लिया। जिसके बाद सभी बोटिंग के लिए चले गए। आगे पढ़िए
वापसी के दौरान उन्होंने नाव चालकों से दोनों नावों को साथ लाकर सेल्फी लेने का निवेदन किया, तब नाव चालक देरी होने की बात कहते हुए बदसलूकी करने लगा। विरोध करने पर चालक ने झील के बीच में ही मारपीट शुरू कर दी। साथ ही वह उसके बच्चों को झील में डुबाने की धमकी देने लगा। जब आसिफ और उसके परिजन झील किनारे पहुंचे तो वहां भी नाव चालकों ने उसके और उसके परिजनों संग मारपीट की। मारपीट होते देख राहगीरों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत किया। बाद में पीड़ित ने पुलिस के पास पहुंच कर आरोपी बोट चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया। शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी नाव चालक मौके से फरार हो गए। अब पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।