Advertisement
Best Hidden Treks in Kedar Himalaya for True Mountain Lovers
A chance to reconnect with nature and inner peace. Treks in Kedar Himalaya that stay with you for a lifetime.
Example Ads Media
देहरादून: बुधवार को प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक होनी है, जिसमें कई अहम फैसले लिए जाएंगे।
विधानसभा में सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में बजट सत्र को लेकर फैसला लिया जा सकता है। बीजेपी-कांग्रेस विधायकों ने इस बार गैरसैंण के बजाए देहरादून में ही बजट सत्र के आयोजन की मांग रखी है, जिस पर धामी कैबिनेट फैसला ले सकती है। विधायक सर्दी की वजह से बजट सत्र दून में कराने की मांग कर रहे हैं। सत्तापक्ष और विपक्ष के लगभग 32 विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी को इस संबंध में हस्ताक्षरित पत्र सौंपा है। पत्र में ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में कड़ाके की ठंड को देखते हुए मशीनरी के सम्मुख आने वाली कठिनाइयों का जिक्र किया गया है, साथ ही बजट सत्र दून में कराने का आग्रह किया गया है। बजट सत्र इसी माह संभावित है।
बैठक में राज्य की आबकारी नीति पर भी निर्णय हो सकता है। जूनियर हाईस्कूल और माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के पद बढ़ाने का प्रस्ताव भी आ सकता है। वहीं, शहरी विकास, आवास व स्वास्थ्य के अलावा ऊर्जा विभाग से संबंधित प्रस्ताव भी बैठक में आ सकते हैं। इसके साथ ही उपनल कर्मियों के पदों को अधिसंख्यक घोषित करने सहित कुछ मांगों पर भी बैठक में फैसला हो सकता है। इस तरह विधानसभा का बजट सत्र देहरादून में होगा अथवा ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में इसे लेकर बना ऊहापोह बुधवार को खत्म हो सकता है। सरकार इस संबंध में तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। बता दें कि गैरसैंण में पिछला सत्र गत वर्ष मार्च में हुआ था।