देहरादून: MDDA कॉलोनी में मिसाइल हमला, ISBT पर बम धमाके की मॉक ड्रिल.. इमारतें हुई धराशाई

शहर में किए गए मॉक ड्रिल के दौरान तकनीकी व्यवस्था में कई खामियों की जानकारी मिली। जिसमें शहर के सात स्थानों पर बजाए गए सायरन की आवाज और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं...
Advertisement Best Hidden Treks in Kedar Himalaya for True Mountain Lovers

A chance to reconnect with nature and inner peace. Treks in Kedar Himalaya that stay with you for a lifetime.

Example Ads Media
Mock drill  in Dehradun: Mock drill of missile attack and bomb blast in Dehradun
Image: Mock drill of missile attack and bomb blast in Dehradun

देहरादून: देहरादून में आज मॉक ड्रिल के दौरान एमडीडीए कॉलोनी पर हुए मिसाइल हमला और आइएसबीटी के निकट भी बम विस्फोट से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एमडीडीए कॉलोनी में एक बहुमंजिला इमारत गिर गई। इस घटना में कई लोग घायल हुए, जिन्हें चिकित्सा टीम और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।

Mock drill of missile attack and bomb blast in Dehradun

22 अप्रैल को पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा जम्मू कश्मीर के पहलगाम में किए गए हमले के जवाब में भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया। इस संयुक्त अभियान के तहत भारत की तीनों सेनाओं ने 9 आतंकी ठिकानों पर 24 मिसाइलों से सटीक हमले किए, जिसमें 70 से अधिक आतंकियों की मौत हुई और 60 से ज्यादा घायल हुए। जिन ठिकानों पर हमले किए गए, वहां लंबे समय से आतंकियों की ट्रेनिंग चल रही थी, जिसमें जैश और लश्कर के मुख्यालय भी शामिल हैं। पाकिस्तान ने 26 मौतों की पुष्टि की है, लेकिन उसका दावा है कि ये आम नागरिक हैं। वहीं, भारत के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि नियंत्रण रेखा के पास गोलाबारी में लगभग 15 भारतीय नागरिकों की मौत और 32 लोग घायल हुए हैं।

शहर में गूंजी सायरन और हूटर की आवाजें

ऑपरेशन सिंदूर के बाद अब भारत के अलग-अलग शहरों में मॉक ड्रिल अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत देहरादून में आज बुधवार शाम को 4:15 बजे विभिन्न स्थानों पर सायरन और हूटर की आवाजें गूंज उठीं। देहरादून में धारा पुलिस चौकी, लक्खी बाग पुलिस स्टेशन, जिलाधिकारी कार्यालय परिसर, एनआइवीएच स्कूल राजपुर रोड, आराघर पुलिस चौकी, एमडीडीए कालोनी और आइएसबीटी सहित कुल सात स्थानों पर सायरन बजाया गया। सायरन सुनकर लोग चौंक गए और इधर-उधर भागने लगे। सिविल डिफेंस, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने लोगों को सतर्क करते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी।

कंट्रोल रूम से की गई निगरानी

इस दौरान प्रशासन ने जिले में कई जगहों पर वाहनों को रोका और दुकानों को भी बंद कराया। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे अफरा-तफरी न मचाएं और संयम के साथ सुरक्षित स्थानों पर पहुंचें। इस बीच कलक्ट्रेट परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य जिला स्तर के अधिकारी एकत्रित हुए. जहाँ से उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे कैमरों के माध्यम से मॉक ड्रिल की गतिविधियों की निगरानी करते हुए दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान वायरलेस और फोन के जरिए विभिन्न स्थानों पर तैनात टीमों से संपर्क बनाए रखा गया।

क्षेत्र में मची अफरा-तफरी

मॉक ड्रिल के दौरान एमडीडीए कालोनी में किए गए मिसाइल हमले में एक बहुमंजिला इमारत गिर गई। जिसके बाद रिजर्व पुलिस लाइन से मेडिकल टीम, SDRF और अन्य बचाव दलों को घटनास्थल पर भेजा गया। वहीं देहरादून आइएसबीटी के निकट बम विस्फोट मॉक ड्रिल के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा दलों ने मौके पर पहुंचकर घायलों का प्राथमिक उपचार किया। वहीं क्षेत्र में दुकानों को बंद कराया गया और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई। सुरक्षा दलों ने लोगों से अफरा-तफरी ना मचाने की अपील की और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया।

तकनीकी व्यवस्था में पाई गई खामियां

शहर में किए गए मॉक ड्रिल के दौरान तकनीकी व्यवस्था में कई खामियों की जानकारी मिली। जिसमें शहर के सात स्थानों पर बजाए गए सायरन की आवाज कम तीव्रता और शहर में वाहनों के शोर के कारण व्यापक रूप से सुनाई नहीं दी। इसके बाद कंट्रोल रूम में वीडियो डिस्प्ले पर सभी स्थलों के कैमरे कनेक्ट होने में समय लगा। इसके अलावा, कुछ स्थानों पर वायरलेस सिस्टम भी काम नहीं कर रहे थे, जिन्हें तुरंत ठीक किया गया। साथ ही, रेस्क्यू टीम के रिस्पांस टाइम में अधिकता की शिकायत भी मिली।