उत्तराखंड: जन-जन की सरकार कार्यक्रम में घुसा आवारा सांड, पंडाल में मची भगदड़! खुली प्रशासन की पोल

उधम सिंह नगर के शांतिपुरी में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर हंगामा हो गया, इसी दौरान एक गौवंशीय पशु पंडाल में घुसने से अफरा-तफरी मच गई।
Advertisement Triyuginarayan - World’s Most Divine Wedding Destination

Couples are choosing the sacred land of Lord Shiva’s wedding to begin their own love stories.

Example Ads Media
जन जन की सरकार जन जन के द्वार: Stray bull disrupted Jan-jan ki Sarkar outreach program
Image: Stray bull disrupted Jan-jan ki Sarkar outreach program

उधमसिंह नगर: उधम सिंह नगर जिले के किच्छा तहसील क्षेत्र अंतर्गत शांतिपुरी में गुरुवार को आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम उस वक्त सुर्खियों में आ गया, जब शिविर के दौरान आवारा पशुओं की समस्या को लेकर माहौल गर्म हो गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निराश्रित गौवंश से निजात दिलाने की मांग उठाई, जिसके बाद कार्यक्रम में हंगामा शुरू हो गया। इसी बीच अचानक एक आवारा गौवंशीय पशु शिविर के पंडाल में घुस आया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

Stray bull disrupted Jan-jan ki Sarkar outreach program

शिविर की शुरुआत के साथ ही ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते आवारा पशुओं की समस्या को प्रमुखता से उठाया। लोगों का कहना था कि निराश्रित पशु खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और सड़कों पर घूमने के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। इसी दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला द्वारा एक स्थानीय व्यक्ति से माइक छीने जाने की बात सामने आई, जिसके बाद माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया और शिविर में हंगामा शुरू हो गया। हंगामा चल ही रहा था कि तभी एक गौवंशीय पशु अचानक शिविर स्थल में आ धमका। पशु के पंडाल में घुसते ही वहां मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए भागदौड़ शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि सांड काफी देर तक पंडाल के अंदर दौड़ता रहा, जिसके बाद लोगों और कर्मचारियों ने मिलकर उसे किसी तरह बाहर निकाला और शिविर को फिर से सुचारू रूप से चलाया गया।

यही है सबसे बड़ी समस्या

स्थानीय ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने कहा कि यह घटना उनके इलाके की वास्तविक स्थिति को दर्शाती है। लोगों के अनुसार आवारा पशु फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। सड़क पर पशुओं के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई बार लोग जान तक गंवा रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि प्रशासन जल्द से जल्द गौशालाओं की व्यवस्था और निराश्रित पशुओं के लिए स्थायी समाधान निकाले। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, महालक्ष्मी किट, टूल किट, प्रमाण पत्र आदि वितरित किए।

4 महिलाओं को दिए गए ई-रिक्शा

इसके अलावा रीप योजना (REAP) के तहत 4 महिलाओं को ई-रिक्शा दिए गए और उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया गया। शिविर में मौके पर आवेदन लेकर पंजीकरण किए गए और कई पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभान्वित किया गया। शांतिपुरी में आयोजित इस बहुद्देशीय शिविर में 24 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए और लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क जांच की गई और जरूरतमंद मरीजों को दवाएं भी वितरित की गईं। प्रशासन के अनुसार शिविर के माध्यम से कुल 2038 लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से जोड़ा गया और उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्यक्रम जनता को एक ही स्थान पर सेवा, समाधान और लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

गौशालाओं का निर्माण जारी, जल्द मिलेगा समाधान

अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने कहा कि शिविर में सामने आई समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले की हर तहसील में निराश्रित गौवंश के आश्रय हेतु गौशालाओं का निर्माण किया जा रहा है और जल्द इस समस्या का समाधान किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

शिविर का आयोजन न्याय पंचायत बण्डिया के राजकीय इंटर कॉलेज शांतिपुरी में उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट की अध्यक्षता में हुआ। इसमें एडीएम पंकज उपाध्याय, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, ब्लाक प्रमुख रीना गौतम, नगर पंचायत अध्यक्ष सचिन शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।