उत्तराखंड: CM धामी कैबिनेट बैठक में 8 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी, 2 मिनट में जानिए

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 8 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। ग्रीन हाइड्रोजन नीति 2026, स्वास्थ्य नियमावली, शिक्षा और औद्योगिक विकास से जुड़े फैसले बैठक के प्रमुख आकर्षण रहे।
Advertisement 90% ट्रेकर्स नहीं जानते केदार हिमालय के ये सीक्रेट रूट्स

प्रकृति से जुड़ने और आत्मिक शांति पाने का अवसर। केदार हिमालय की वो यात्राएं जो ज़िंदगी भर याद रहती हैं।

Example Ads Media
Dhami Cabinet Meeting: 8 proposals approved in Dhami cabinet meeting
Image: 8 proposals approved in Dhami cabinet meeting

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक संपन्न हो गई है। सुबह 11 बजे शुरू हुई यह बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली, जिसमें कुल 8 अहम प्रस्तावों पर कैबिनेट की मुहर लगी।

8 proposals approved in Dhami cabinet meeting

कैबिनेट बैठक शुरू होने से पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान दुर्घटना में निधन पर शोक व्यक्त किया गया और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। देहरादून सचिवालय में हुई धामी मंत्रिमंडल की इस बैठक में लिए गए फैसले स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, औद्योगिक विकास और जनजाति कल्याण जैसे अहम क्षेत्रों में उत्तराखंड की दिशा तय करने वाले माने जा रहे हैं। खासतौर पर ग्रीन हाइड्रोजन नीति 2026 और भूमि अधिग्रहण की नई प्रक्रिया राज्य के विकास को नई रफ्तार दे सकती है।

स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सेवा नियमावली–2026

मंत्रिमंडल ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सेवा नियमावली–2026 को मंजूरी दे दी है। इससे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की संरचना को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ग्रीन हाइड्रोजन नीति 2026 को हरी झंडी

राज्य में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैबिनेट ने उत्तराखंड ग्रीन हाइड्रोजन नीति–2026 के प्रख्यापन को मंजूरी दे दी है। सरकार का मानना है कि इससे निवेश, रोजगार और हरित ऊर्जा उत्पादन को नई गति मिलेगी।

भूमि अधिग्रहण और भूजल उपयोग पर अहम फैसला

राजस्व विभाग के तहत अब उत्तराखंड में परियोजनाओं के लिए भूमि मालिकों से आपसी समझौते के आधार पर भूमि क्रय की प्रक्रिया तय की गई है।
इसके साथ ही गैर-कृषिकारी उपयोग के लिए भूजल निकासी पर जल मूल्य/प्रभार की दरें लागू करने का निर्णय लिया गया है।

उद्योग और सिडकुल से जुड़ा बड़ा निर्णय

मंत्रिमंडल ने उधम सिंह नगर स्थित प्राग फॉर्म की 1354.14 एकड़ भूमि को औद्योगिक आस्थान के रूप में विकसित करने के लिए सिडकुल को ट्रांसफर करने संबंधी शासनादेश में संशोधन को मंजूरी दी है। इससे औद्योगिक विकास को बल मिलने की उम्मीद है।

जनजाति कल्याण विभाग का पुनर्गठन

जनजाति कल्याण विभाग की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए देहरादून, चमोली, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जैसे अनुसूचित जनजाति बाहुल्य जिलों में विभागीय ढांचे के पुनर्गठन को मंजूरी दी गई है।
इसके साथ ही उत्तराखंड जनजाति कल्याण राजपत्रित अधिकारी सेवा (संशोधन) नियमावली–2025 के प्रख्यापन को भी स्वीकृति मिली।

शिक्षा क्षेत्र में बड़ा फैसला

कैबिनेट ने उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय अधिनियम–2023 में संशोधन को मंजूरी दी है। इसके तहत “जीआरडी उत्तराखंड” नाम से एक नए निजी विश्वविद्यालय की स्थापना को हरी झंडी मिल गई है।

गौचर और चिल्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर अहम निर्णय

मंत्रिमंडल ने गौचर और चिल्यालीसौड़ हवाई पट्टी को भारतीय वायुसेना, रक्षा मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के बीच सहमति के आधार पर संयुक्त नागरिक और सैन्य संचालन के लिए एडवांस लैंडिंग ग्राउंड (ALG) के रूप में रक्षा मंत्रालय को ट्रांसफर करने पर सहमति दी है।