रुद्रप्रयाग के ग्राम जलई में जंगल से घास लेने गई 60 वर्षीय महिला पर भालू ने हमला कर दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हुई है और उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वन विभाग ने मौके पर टीम तैनात कर दी है, जबकि गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
Hidden Gem Treks of Kedar Himalaya You Must Explore Once in Life
Peaceful and untouched trekking routes away from the crowds. Hidden trails where nature still remains raw and pure.
Example Ads Media
Image: Bear Attack in Rudraprayag Injures 60-Year-Old Woman
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के ग्राम जलई में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जंगल में घास लेने गई एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग रेफर किया गया है।
Bear Attack in Rudraprayag Injures 60-Year-Old Woman
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। ग्राम जलई निवासी निशा देवी (60 वर्ष) अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपा भालू अचानक बाहर निकला और महिला पर हमला कर दिया। साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया। हमले में घायल महिला को ग्रामीणों की मदद से तुरंत स्वास्थ्य केंद्र अगस्तमुनि लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग रेफर कर दिया।
चिकित्सकों ने बताया स्थिर हालत
स्वास्थ्य केंद्र अगस्तमुनि की चिकित्सक डॉ. ज्योति शाह ने बताया कि महिला की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन खून का थक्का जमने (क्लॉटिंग) की समस्या को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया। रेंजर एच.एस. रावत ने बताया कि क्षेत्र में छह सदस्यीय टीम को भेज दिया गया है। मौके पर फॉरेस्टर गौरव भट्ट और फॉरेस्ट गार्ड ऋषिराज मौजूद रहे। भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक लापरवाही का आरोप
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए यूकेडी जिला अध्यक्ष सूरत सिंह झिंकवाण ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे वन्यजीव हमलों के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और स्थायी समाधान की मांग की।
भालू के हमले के बाद ग्राम जलई और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जंगल जाने से फिलहाल दूरी बना ली है और वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।