हरिद्वार जिले के बहादुरपुर जट गांव में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विजिलेंस टीम पर कुछ ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पुलिस और पीएसी ने हालात संभाले। गांव में पुलिस बल तैनात है और आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
No reels. No crowds. Just Kedar Himalaya - This trek doesn’t want to be famous..
Alpine meadows, dense forests, and snow-capped peaks in one journey. Suitable for both beginner and experienced trekkers.
Example Ads Media
Image: Vigilance Team Attacked During Power Theft Raid in Haridwar Village
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पथरी क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर जट गांव में बिजली चोरी की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम के साथ बुधवार सुबह अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। छापेमारी के दौरान कुछ ग्रामीणों ने टीम का विरोध किया और कथित रूप से हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर मौजूद पुलिस और पीएसी जवानों ने हालात को काबू में किया।
Vigilance Team Attacked During Power Theft Raid in Haridwar Village
जानकारी के अनुसार, बहादराबाद ब्लॉक में लगातार बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में बहादुरपुर जट गांव में भी अवैध कनेक्शन की सूचना मिली थी। शिकायत के आधार पर बुधवार सुबह करीब सात बजे विजिलेंस टीम गांव पहुंची और बिजली के खंभों पर लगे अवैध तार हटाए। विजिलेंस टीम ने गैरकानूनी कनेक्शन जब्त किए और बिजली चोरी से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए।
कार्रवाई का विरोध, टीम को घेरा
जैसे ही टीम ने अवैध तार हटाने शुरू किए, कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध कर दिया। देखते ही देखते टीम को घेर लिया गया। इसी दौरान एक दबंग ग्रामीण ने टीम पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टीम के सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। हमले के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अन्य ग्रामीणों ने उसे छुड़ाने की कोशिश की। आरोप है कि कई लोग एकजुट होकर टीम पर टूट पड़े, आरोपी को बचाने के लिए भीड़ बढ़ गई।
पुलिस और पीएसी ने संभाली स्थित
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस और पीएसी जवानों ने मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित किया। इसके बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। फिलहाल गांव में शांति का माहौल है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। वीडियो में कुछ लोग टीम के साथ बदसलूकी करते और भागते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान कर रही है।
आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई
पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया “बुधवार सुबह ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम गांव में बिजली चोरी की जांच के लिए पहुंची थी। इस दौरान एक ग्रामीण ने टीम के साथ अभद्रता की। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांव में पुलिस बल तैनात है और शांति बनी हुई है।”
मुकदमे की तैयारी, सख्त कार्रवाई के संकेत
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। बिजली चोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
अब सभी की नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में आरोपियों पर एफआईआर दर्ज होगी, वायरल वीडियो की जांच होगी और बिजली चोरी नेटवर्क पर कार्रवाई तेज की जाएगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।