देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में तीमारदारों और महिला सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
Hidden Gem Treks of Kedar Himalaya You Must Explore Once in Life
Peaceful and untouched trekking routes away from the crowds. Hidden trails where nature still remains raw and pure.
Example Ads Media
Image: Fight Breaks Out at Doon Hospital Emergency Ward
देहरादून: राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार सुबह तीमारदारों और महिला सुरक्षाकर्मियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इलाज के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना में महिला सुरक्षाकर्मियों के घायल होने का आरोप है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Fight Breaks Out at Doon Hospital Emergency Ward
जानकारी के अनुसार, एक 16 वर्षीय युवती को उपचार के लिए दून अस्पताल लाया गया था। मेडिसिन विभाग में प्रारंभिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे आगे की जांच के लिए गायनी विभाग भेजा। यहीं पर आवश्यक जांच के लिए रक्त का नमूना लिया गया। आरोप है कि युवती के तीमारदारों ने जरूरत से अधिक रक्त लेने का आरोप लगाते हुए नर्सिंग स्टाफ से बहस शुरू कर दी।
महिला सुरक्षाकर्मियों से हुई मारपीट
बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर मौजूद महिला सुरक्षाकर्मियों ने तीमारदारों को अस्पताल के नियमों का पालन करने और अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि तीमारदार जबरन अंदर घुसने लगे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। मारपीट के दौरान एक महिला सुरक्षाकर्मी के सिर पर बोतल से हमला किए जाने और दूसरी के पेट में लात मारने का आरोप लगाया गया है। आगे पढ़िए..
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य सुरक्षाकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही चीता पुलिस अस्पताल पहुंची और संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए धारा चौकी ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस चौकी पर उठाए सवाल
घटना के बाद अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों में नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि अस्पताल परिसर में बनी पुलिस चौकी पर अधिकांश समय पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहते, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। सुरक्षाकर्मियों ने अस्पताल में स्थायी और प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
किसी भी कर्मचारी के साथ मारपीट बर्दाश्त नहीं
दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. बिष्ट ने कहा कि अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह गंभीर मामला है और अस्पताल परिसर में पुलिस की अनुपस्थिति का मुद्दा वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। इस संबंध में जल्द ही एसएसपी से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की जाएगी।