देहरादून में पुलिस ने प्रेमनगर और पटेलनगर के हॉस्टल-पीजी में देर रात चेकिंग अभियान चलाया। 17 छात्र हिरासत में लिए गए, 7 संचालकों को नोटिस और एक का 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान हुआ।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
भीड़ से दूर, स्वर्ग के सबसे पास – केदार हिमालय के Hidden Treks
बुग्याल, हिमालयी वन और बर्फीली चोटियों का अद्भुत नज़ारा। आध्यात्म, रोमांच और एकांत का अनोखा संगम।
Example Ads Media
Image: Dehradun Police Action Against Hostel Students
देहरादून: राजधानी देहरादून में हॉस्टल और पीजी में रहने वाले छात्र-छात्राओं की गतिविधियों को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पढ़ाई के नाम पर देर रात अनावश्यक रूप से घूमने और हॉस्टल-पीजी में नियमों की अनदेखी की शिकायतों के बीच शनिवार देर रात प्रेमनगर और पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अनियमितताएं मिलने पर सात हॉस्टल-पीजी संचालकों को नोटिस जारी किए गए, जबकि एक संचालक का 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया।
Dehradun Police Action Against Hostel Students
पुलिस ने अभियान के दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे 17 छात्र-छात्राओं को हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
देर रात चला चेकिंग अभियान
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने प्रेमनगर और पटेलनगर क्षेत्र में स्थित हॉस्टल और पीजी की जांच की। पुलिस ने संचालकों से प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वहां रहने वाले छात्र-छात्राओं का नियमित सत्यापन कराने को कहा। चेकिंग के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने और हॉस्टल-पीजी में आने-जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
रात 10 बजे के बाद छात्रों की आवाजाही पर नजर
पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों को निर्देश दिया कि छात्र-छात्राओं के प्रवेश की समयसीमा रात 10 बजे निर्धारित की जाए। इसके बाद अनावश्यक रूप से बाहर घूमने वाले छात्रों पर नजर रखने को कहा गया है। इसके अलावा हॉस्टल में आने वाले बाहरी लोगों को बिना सत्यापन प्रवेश नहीं देने और प्रत्येक व्यक्ति की आवाजाही का पूरा विवरण सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
7 संचालकों को नोटिस, एक का चालान
चेकिंग के दौरान हॉस्टल और पीजी में कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। पुलिस ने सात संचालकों को नोटिस जारी कर कमियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर दूर करने के निर्देश दिए। वहीं, एक संचालक के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने अन्य संचालकों को भी स्पष्ट चेतावनी दी कि नियमों का पालन नहीं करने पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों के साथ संचालकों पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों को चेतावनी दी है कि उनके प्रतिष्ठानों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को रात में अनावश्यक रूप से बाहर जाने की अनुमति न दी जाए। यदि किसी छात्र के आपराधिक गतिविधि में शामिल होने, नशीले पदार्थों के सेवन या ऐसी किसी शिकायत की पुष्टि होती है तो छात्र के साथ-साथ संबंधित हॉस्टल या पीजी संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान देहरादून में छात्रावासों और पीजी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा देर रात होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया गया।