उत्तराखंड: आदित्य राणा हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, पिता और दो बेटे गिरफ्तार; तमंचा बरामद

हरिद्वार के भगवानपुर में आदित्य राणा हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करते हुए पिता और दो बेटों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुराने विवाद के चलते हत्या की गई और आरोपियों के पास से 315 बोर का तमंचा व खोखा कारतूस बरामद हुआ है।
Advertisement ऋषियों का मार्ग: केदार हिमालय के इन ट्रेक्स पर शोर नहीं, सिर्फ मंत्र सुनाई देते हैं

प्रकृति से जुड़ने और आत्मिक शांति पाने का अवसर। केदार हिमालय की वो यात्राएं जो ज़िंदगी भर याद रहती हैं।

Example Ads Media
Aditya Rana murder case: Roorkee Murder Case Father and Two Sons Arrested
Image: Roorkee Murder Case Father and Two Sons Arrested

हरिद्वार: जनपद हरिद्वार के भगवानपुर में आदित्य उर्फ आदि राणा हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में पिता और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

Roorkee Murder Case: Father and Two Sons Arrested

भगवानपुर पुलिस के अनुसार, आदित्य राणा का रोहित शर्मा के साथ पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते रोहित, उसके भाई राहुल और उनके पिता अनिल शर्मा ने मिलकर आदित्य की हत्या की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने विवाद खत्म करने और बातचीत करने के बहाने आदित्य को अपने घर बुलाया था। यहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर आदित्य को गोली मार दी गई। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को सागर राणा ने भगवानपुर कोतवाली में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि अनिल शर्मा, राहुल शर्मा और रोहित शर्मा उर्फ लक्की ने आदित्य उर्फ आदि राणा की देसी तमंचे से गोली मारकर हत्या की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आगे पढ़िए..

चार पुलिस टीमों ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए भगवानपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश साह ने चार पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।

इमली रोड टोल प्लाजा के पास पकड़े गए आरोपी

लगातार जांच के बाद पुलिस टीम को आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिलने की बात सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने इमली रोड टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का एक अवैध तमंचा और खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

पुराने विवाद को बताया गया हत्या की वजह

भगवानपुर सीओ सुमित पांडे के मुताबिक, आदित्य का रोहित शर्मा के साथ पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इसी पुराने विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।