ऋषिकेश: धनतेरस पर 50 लाख के मोबाइल चोरी, शटर तोड़कर दुकान में घुसे बदमाश.. CCTV भी गायब

ऋषिकेश के आईडीपीएल सिटी गेट स्थित गुप्ता टेलीकॉम में धनतेरस की एक रात पहले शटर तोड़कर करीब 50 लाख रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए गए। बदमाश सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़ ले गए..
Advertisement चारधाम यात्रा 2026 पैकेज बुकिंग शुरू! ये ऑफर मिस किया तो पछताओगे

चारधाम यात्रा 2026 का सबसे सस्ता पैकेज? कीमत जानकर चौंक जाएंगे!

Example Ads Media
Rishikesh Mobile Shop Theft: worth 50 Lakh Mobile Theft in Rishikesh on Dhanteras
Image: worth 50 Lakh Mobile Theft in Rishikesh on Dhanteras

ऋषिकेश: त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ी चहल-पहल के बीच चोरों ने ऋषिकेश में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। आईडीपीएल सिटी गेट के पास स्थित गुप्ता टेलीकॉम की दुकान को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाश करीब 50 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात के बाद सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त करने के साथ रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने वाला डीवीआर सिस्टम भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।

Rs 50 Lakh Mobile Theft in Rishikesh on Dhanteras

जानकारी के अनुसार, गुप्ता टेलीकॉम के संचालक अश्वनी गुप्ता और आरोही गुप्ता ने बताया कि धनतेरस के चलते दुकान पर ग्राहकों की आवाजाही अधिक थी। इसी वजह से दुकान सामान्य दिनों की अपेक्षा देर रात तक खुली रही। अश्वनी गुप्ता के मुताबिक, वह रात करीब एक बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। प्रारंभिक अनुमान है कि इसके बाद रात करीब दो बजे अज्ञात बदमाशों ने दुकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और वहां रखे महंगे मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए।

सुबह दुकान पहुंचे मालिक तो टूटा मिला शटर

धनतेरस की सुबह जब दुकान संचालक दुकान पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और कीमती मोबाइल फोन गायब थे। जांच के बाद चोरी हुए मोबाइलों की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई। वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। दुकान संचालकों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी कैमरे तोड़े, डीवीआर भी ले गए चोर

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जांच में सामने आया कि बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इतना ही नहीं, कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने वाला डीवीआर सिस्टम भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। पुलिस अब आसपास की दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच के जरिए बदमाशों की संख्या, उनके आने-जाने के रास्ते और फरार होने की दिशा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था पर व्यापारियों ने उठाए सवाल

धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे समय में दुकान का शटर तोड़कर करीब 50 लाख रुपये के मोबाइल चोरी होने से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान दुकानों में बड़ी मात्रा में सामान और पूंजी रखी जाती है। ऐसे में बाजारों में पर्याप्त पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। इस मामले में आईडीपीएल चौकी प्रभारी अमित कुमार से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।