पाउलो और क्यारा की भगवान विष्णु में गहरी आस्था है, यही आस्था उन्हें देवभूमि उत्तराखंड खींच लाई..
-
कोमल नेगी
-
Advertisement
Cheapest Chardham Yatra 2026 Package? The Price Will Shock You!
Planning Chardham in 2026? These 5 Packages Are Getting Booked Fast
Example Ads Media
Image: Australian couple married in badrinath
: आस्था और प्रेम सरहदें नहीं देखते। अब ऑस्ट्रेलिया के रहने वाले पाउलो और क्यारा को ही देख लें, दोनों ही हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति से प्रभावित हैं। भगवान बदरी विशाल में उनकी अटूट श्रद्धा है, यही श्रद्धा उन्हें देवभूमि के बदरीनाथ धाम ले आई, जहां दोनों ने भगवान बदरीनारायण को साक्षी मानते हुए एक दूसरे संग विवाह किया। भगवान बदरी विशाल के साथ ही बदरीनाथ धाम आए सैकड़ों श्रद्धालु भी इस अनोखे विवाह के साक्षी बने। लोगों ने नव विवाहित जोड़े को सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। पाउलो और क्यारा ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं। दोनों पर्थ शहर के रहने वाले हैं। पाउलो और क्यारा का भारतीय संस्कृति और दर्शन से गहरा जुड़ाव है। भारतीय संस्कृति से इसी जुड़ाव ने उन्हें भारत आने के लिए प्रेरित किया। पाउलो और क्यारा की भगवान विष्णु में अटूट आस्था है। इसीलिए उन्होंने विवाह के लिए बदरीनाथ धाम आने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें - ‘हिट म्यार पहाड़’..उत्तराखंड के युवाओं ने दिल्ली-NCR को समझाया, पहाड़ को गंदा न करें
जहां चाह, वहां राह, जैसे ही मौका मिला पाउलो अपनी जीवनसंगीनी क्यारा को लेकर देवभूमि पहुंच गए। आज दोनों ने भगवान विष्णु के धाम बदरीनाथ में वैदिक रीति-रिवाज से एक-दूसरे संग विवाह किया। दोनों ने 7 जन्मों तक एक-दूसरे के साथ रहने, हर सुख-दुख में साथ देने का वचन दिया। बदरीनाथ धाम से पाउलो और क्यारा की शादी की खूबसूरत तस्वीरें सामने आई हैं। दुल्हन के जोड़े में सजी क्यारा बेहद खूबसूरत लग रही थीं। वैदिक रीति रिवाज से शादी के बंधन में बंधने के बाद ऑस्ट्रेलियाई जोड़े ने भगवान बदरीनाथ का आशीर्वाद लिया, मिठाई बांटकर अपनी खुशी जताई। पाउलो ने कहा कि उनकी भगवान विष्णु में अटूट श्रद्धा है। वो चाहते थे कि भगवान विष्णु के धाम में ही उनकी और क्यारा की शादी हो। ये इच्छा आज पूरी हो गई। भगवान विष्णु का आशीर्वाद उन पर यूं ही बना रहे, वो बस यही चाहते हैं।