ऋषिकेश: लॉकडाउन में अपनों से मिलने की बेचैनी में लोग सैकड़ों किलोमीटर का पैदल सफर तय कर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। लॉकडाउन के चलते प्रदेश की सीमाएं सील हैं, गाड़ियों की आवाजाही बंद है। एक जिले से दूसरे जिले में जाने पर भी रोक लगी है, इसके बावजूद लोग किसी ना किसी तरह चोरी-छिपे उत्तराखंड में दाखिल हो ही रहे हैं। मामला ऋषिकेश का है, जहां दो लोग घर पहुंचने के लिए 10 दिन तक रेल की पटरियों पर पैदल चलते रहे। दोनों किसी तरह ऋषिकेश पहुंच भी गए, लेकिन प्रशासन ने उन्हें घर पहुंचने से पहले ही रोक लिया। दोनों को क्वारेंटीन सेंटर में ठहराया गया है। अब उन्हें 14 दिन तक यहीं रहना होगा। लॉकडाउन के चलते प्रदेश के सैकड़ों लोग दूसरे राज्यों में फंसे हुए हैं।