प्रकाश सिंह धामी वार्ड नंबर 13 से पार्षद चुने गए थे। सोमवार सुबह कार सवार बदमाशों ने उनकी घर के बाहर हत्या कर दी। आगे पढ़िए पूरी खबर
-
Komal Negi
-
Advertisement
Triyuginarayan - World’s Most Divine Wedding Destination
Couples are choosing the sacred land of Lord Shiva’s wedding to begin their own love stories.
Example Ads Media
Image: BJP parshad killed in udham singh nagar
उधमसिंह नगर: उत्तराखंड में अपराधी बेखौफ हैं। वो राजनेताओं तक को निशाना बनाने से बाज नहीं आ रहे। अब ऊधमसिंहनगर में ही देख लें, जहां रुद्रपुर में कार सवार बदमाशों ने बीजेपी पार्षद पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर उनकी हत्या कर दी। वारदात का पता चलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। वहीं वारदात के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मरने वाले पार्षद की शिनाख्त 40 वर्षीय प्रकाश धामी पुत्र प्रेम सिंह धामी के रूप में हुई। वो भदईपुरा में परिवार के साथ रहते थे।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड- आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड धारकों के लिए अच्छी खबर, फ्री मिलेगा प्लाज्मा और प्लेटलेट, होगा कैशलेस इलाज
प्रकाश सिंह धामी वार्ड नंबर 13 से बीजेपी के निर्विरोध पार्षद चुने गए थे। सोमवार सुबह बदमाशों ने उन्हें घर के बाहर गोली मार दी। परिजनों ने बताया कि सुबह उनके घर के बाहर तीन-चार युवक खड़े थे। प्रकाश उन्हें वार्ड के युवक समझकर घर के बाहर आ गए। जैसे ही प्रकाश घर से बाहर आते दिखे, वहां खड़े युवकों ने उन पर असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए प्रकाश घर की तरफ भागने लगे। इसी बीच उन्हें तीन-चार गोलियां लग गईं और वो लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर प्रकाश की पत्नी राधिका, मां जानकी देवी और पड़ोसी घर से बाहर निकले तो हमलावर कार में बैठकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें - देहरादून का सट्टा किंग गिरफ्तार हुआ.. मौके से 25 लाख कैश बरामद
बाद में पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान प्रकाश को अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। वहीं पड़ोसियों का कहना है कि हमलावर आई-10 कार में सवार होकर आए थे। पुलिस के मुताबिक हमलावरों के चेहरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। फुटेज में वो कार से किच्छा की तरफ भागते नजर आए। पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है। वहीं शहर के बीचों-बीच हुई हत्या की वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग डरे हुए हैं। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।