अल्मोड़ा: उत्तराखंड में मौसम लोगों की दुश्वारियां बढ़ा रहा है। मूसलाधार बरसात के कारण पहाड़ों से लेकर मैदानों तक कई गंभीर हादसे हो रहे हैं। ताजा मामला अल्मोड़ा से सामने आया है। एक खबर के मुताबिक अल्मोड़ा के दूनागिरि में बिजली गिरने से गंभीर हादसा हो गया है। दूनागिरी में वज्रपात से जीआइसी के उपकरण फुंक गए। वह तो भगवान का शुक्र है कि घटना के समय विद्यालय बंद हो चुका था और सभी की छुट्टी हो गई थी। जिस वजह से किसी की भी जान को नुकसान नहीं हुआ है और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वज्रपात के कारण विद्यालय के विद्युत उपकरण धमाकों के साथ फुंक गए हैं। प्रधानाचार्य गोपाल कृष्ण त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय का कंप्यूटर, इन्वर्टर समेत अन्य विद्युत उपकरण धमाके से विद्यालय के बाहर मैदान तक बिखरे पड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि बिजली गिरने से बिजली की लाइन भी तहस नहस हो गई है।उन्होंने बताया कि मीटर बॉक्स भी जल कर पूरी तरह राख हो गया है। वो तो गनीमत यह रही कि घटना अवकाश के बाद शाम को हुई जिस वजह से बड़ा हादसा टल गया।