हल्द्वानी: उत्तराखंड में हाथियों की मौत एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। आए दिन प्रदेश से हाथियों की मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला हल्द्वानी से सामने आया है जहां पर तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज के अंतर्गत ढिमरी ब्लॉक में एक मादा हाथी का शव मिला है। उसके बाद से ही वन महकमे में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी के शव को कब्जे में ले लिया। आपको बता दें कि मादा हाथी की उम्र 30 से 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। हाथी की मौत किस वजह से हुई यह वन विभाग पता लगा रहा है और हाथी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। ढिमरी ब्लॉक वन क्षेत्र में हाथी के शव मिलने की सूचना गश्त कर रहे वन कर्मियों ने दी।