दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता के ऊपर तेजाब डाल दिया. तेजाब के हमले में विवाहिता का हाथ बुरी तरह झुलस गया.
-
साक्षी बड़थ्वाल
-
Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
Image: Haridwar dowry case acid attack on women
हरिद्वार: ना तो आंखों पर भरोसा होता है और ना ही दिल इस बात पर यकीन करता है..लेकिन ये दुर्भाग्य है और ये ही सच है कि देवभूमि में दहेज के लिए रिश्तों की अहमियत खत्म होती जा रही है. दहेजलोभियों से महिलाओं की सुरक्षा के लिए तमाम कानून बने हैं, पर दहेज मांगने वालों में इन कानूनों का खौफ नहीं है. दहेज के लिए दरिंदगी का ऐसा ही मामला हरिद्वार में सामने आया है. जहाँ दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता के ऊपर तेजाब डाल दिया. तेजाब के हमले में विवाहिता का हाथ बुरी तरह झुलस गया. इस घटना की सूचना मिलने पर महिला का भाई कुछ रिश्तेदारों के साथ गांव में पहुंचा और बहन को आरोपितों के चंगुल से छुड़वाया. जिसके बाद महिला के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. कोतवाली क्षेत्र के टांडा भनेड़ा गांव निवासी मोहम्मद अलीम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी बहन अमरीन की शादी मार्च 2020 में गढ़ी देवबंद निवासी शाहिद के साथ की थी.
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में पकड़े गए राजस्थान रीट पेपर लीक के मास्टरमाइंड, जा रहे थे केदारनाथ
शादी में अपनी हैसियत से अधिक दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग दहेज से खुश नहीं थे और कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले दहेज के लिए महिला को प्रताडि़त करने लगे इस बीच ससुरालियों ने उनसे चार बार में सवा दो लाख रुपये और ले लिए. इसके बाद भी वे दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगे. महिला ने विरोध किया तो आरोपितों ने महिला के साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया और महिला अपने मायके आ गयी जिसके कुछ दिन बाद पंचायत बुलाई गई, जिसमें ससुरालियों ने माफी मांगी और विवाहिता को ले जाने की बात कही पंचायत ने भी उन्हें भविष्य में दहेज की मांग नहीं करने की चेतावनी देते हुए विवाहिता को ससुराल भेज दिया. तीन अक्टूबर को बहन के ससुराल से किसी व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसकी बहन को बंधक बनाया गया है. और हत्या की साजिश रच रहे हैं. जिसके बाद मायके पक्ष के लोग ससुराल में पहुंचे तो विवाहिता को बंधक बनाकर रखा गया था. इस दौरान महिला का हाथ जला हुआ था. शरीर पर कई जगह से खून निकल रहा था. जिसका विरोध करने पर मायके वालों से भी मारपीट की गई. किसी तरह उन्होंने विवाहिता को मुक्त कराया और पुलिस को तहरीर दी. वहीँ इस मामले में तहरीर के आधार पर महिला के पति शाहिद, ससुर साजिद, सास शाहीन, देवर मुफीद, मुजीबउर रहमान और ननद नाहिद के खिलाफ हत्या के प्रयास, दहेज उत्पीड़न समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है.