उत्तराखंड के 11 जिलों में भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट, 2 दिन तक बेहद सावधान रहें

भारी बारिश के चलते भूस्खलन, रोड ब्लॉक और सड़कें टूटने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में सफर करते वक्त विशेष एहतियात बरतने की जरूरत है।
Advertisement No reels. No crowds. Just Kedar Himalaya - This trek doesn’t want to be famous..

Alpine meadows, dense forests, and snow-capped peaks in one journey. Suitable for both beginner and experienced trekkers.

Example Ads Media
Uttarakhand Weather Forecast: Heavy rain likely in 11 district of uttarakhand 17 October
Image: Heavy rain likely in 11 district of uttarakhand 17 October

हरिद्वार: मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन पहाड़ में बारिश का सिलसिला नहीं थम रहा। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम खराब है। अगले कुछ दिन मुश्किल भरे रहने वाले हैं, क्योंकि रविवार से दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के चलते पर्वतीय इलाकों में ठिठुरन बढ़ेगी। 18 अक्टूबर को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग ने राज्य के तकरीबन सभी हिस्सों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। अधिकांश क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलने, भूस्खलन, नदियों का जलस्तर बढ़ने संबंधी घटनाएं हो सकती हैं। इसके चलते सभी को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। आज भी प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में गरज के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून में बारिश का सिलसिला जारी है। यहां तड़के से रुक-रुक कर बारिश जारी है। वहीं मसूरी में भी हल्की बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। नई टिहरी में भी मौसम का मिजाज बदला है। यहां भी आसपास के इलाकों में बारिश हो रही है।

यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: यहां इटली की तर्ज पर बनेंगे होमस्टे, हाईटेक विलेज में तब्दील होंगे वीरान गांव
मौसम विभाग के अनुसार 18 अक्टूबर को हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा सोमवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी व पौड़ी में अनेक स्थानों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पहाड़ी जिलों में तीव्र गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। भारी बारिश के चलते भूस्खलन, रोड ब्लॉक और सड़कें टूटने जैसी घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में सफर करते वक्त विशेष एहतियात बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग ने प्रशासन को सलाह दी है कि सभी जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए। नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।