Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
चमोली: राज्य में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी हो रही है। बीते कुछ दिनों से उत्तराखंड में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। इसी बर्फबारी का लुत्फ उठाने कई पर्यटन उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। न्यू ईयर बस करीब है और न्यू ईयर ईव को अपने परिवार और दोस्तों के साथ सेलिब्रेट करने देवभूमि के मशहूर पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों का जमावड़ा लग रखा है। अपने नए साल की शुरुआत सुहानी करने के मकसद से उत्तराखंड में भारी भीड़ लगी हुई है। इस बार न्यू ईयर में मौसम सुहावना रहेगा, चटक धूप खिली रहेगी। वहीं बीते बुधवार को नैनीताल में भी सीजन का पहला हिमपात हुआ। इससे नए साल का जश्न बनाने आए पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। मसूरी में भी हिमपात के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन प्रदेश में मौसम सामान्य रहने की आशंका जताई है। हालांकि, मैदानी इलाकों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है मगर फिलहाल उत्तराखंड में आसमान साफ रहेगा। मौसम साफ होने से हिल स्टेशन्स पर न्यू ईयर का जश्न मनाने आए पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस बीच मैदानों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रह सकता है। पहाड़ों में पाला गिरने की आशंका है। पश्चिमी विक्षोभ गुरुवार से शांत पड़ सकता है। बता दें कि बीते बुधवार को चार धाम, हेमकुंड साहिब, औली, मुनस्यारी समेत प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात का दौर जारी रहा। मुक्तेश्वर समेत आसपास के इलाकों में भी सीजन का पहला हिमपात हुआ। बीती रात निचले इलाकों में हल्की बारिश के कारण ठंड में बढ़ोतरी हुई है। वहीं चमोली जिले में भी भारी हिमपात के बाद औली, गोरसों के साथ अन्य पर्यटक स्थलों पर लोगों के चेहरे खिल उठे हैं। इधर, मसूरी में भी दिनभर मौसम साफ रहा। पर्यटक दिनभर बर्फबारी की आस लगाए रहे। वहीं दून समेत आसपास के इलाकों में हवाओं ने ठिठुरन काफी अधिक बढ़ा दी। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।