Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
अल्मोड़ा: गर्मी बढ़ते ही लोग राहत पाने के लिए नदियों-तालाबों का रुख करने लगते हैं, लेकिन अगर नदी में नहाते वक्त सावधानी न बरती जाए तो हादसा होते देर नहीं लगती।
अल्मोड़ा के चौखुटिया क्षेत्र में भी यही हुआ। यहां रामगंगा नदी में नहाते वक्त युवक गहरे पानी में डूब गया। साथियों ने आनन-फानन में बेहोशी की हालत में युवक को पानी से बाहर निकाला। वह उसे अस्पताल ले गए, लेकिन अफसोस कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 22 साल के पारस अधिकारी पुत्र लाल सिंह अधिकारी के रूप में हुई। पारस का परिवार हल्द्वानी में रहता है। बीते दिन पारस अपने साथी युवक योगेश जोशी के साथ घूमने आया था। मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे दोनों युवक एक अन्य साथी के साथ अगनेरी के पास रामगंगा नदी में नहाने चले गए।
योगेश का कहना है कि तीनों साथी अलग-अलग जगहों पर नहा रहे थे। इसी दौरान पारस नहाते हुए गहरे पानी में चला गया। वह पानी में डूबने लगा। साथियों ने किसी तरह कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। पारस बेहोश था। साथी उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक पारस की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा है। पारस का परिवार मूल रूप से ताड़ीखेत विकासखंड का रहने वाला है। उसके पिता हल्द्वानी में ऑटो चलाते हैं। पूरे परिवार को बेटे से बहुत उम्मीदें थी। 2 साल पहले पारस ने इंटर पास किया था। अचानक हुए हादसे से पारस के परिजन गहरे सदमे में हैं। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। अगनेरी मेला समिति ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है। बता दें कि मंगलवार को ऐसा ही एक हादसा हरिद्वार में भी हुआ है। यहां नदी में नहाते वक्त दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई।