Advertisement
Triyuginarayan - World’s Most Divine Wedding Destination
Couples are choosing the sacred land of Lord Shiva’s wedding to begin their own love stories.
Example Ads Media
उधमसिंह नगर: शिक्षक को भगवान का दर्जा दिया जाता है। कहते हैं एक शिक्षक के पास भविष्य की चाभी होती है, लेकिन ऊधमसिंहनगर में टीचर की मारपीट के चलते एक बच्ची का भविष्य ही अंधकारमय हो गया। आरोप है कि टीचर ने छात्रा को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसकी दायीं आंख की रोशनी चली गई। कोर्ट के आदेश पर आरोपी शिक्षिका के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
मामला काशीपुर का है। जहां आईटीआई थाना क्षेत्र में एक टीचर पर मासूम के साथ मारपीट करने और उसे चोट पहुंचाने का आरोप लगा है। बच्ची के पिता इरफान पैगा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम गुलडिया में रहते हैं। उन्होंने न्यायिक मजिस्ट्रेट काशीपुर के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कहा था कि उनकी 7 वर्षीय पुत्री आलिया राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुलड़िया में कक्षा एक की छात्रा है। पिछले साल 18 नवंबर को क्लास टीचर आभा शर्मा ने उसकी बेटी आलिया के साथ मारपीट की। मारपीट में आलिया की दायीं आंख पर गंभीर चोट आई थी। घायल बच्ची को परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। आलिया के पिता इरफान ने कहा है कि अब उसकी बेटी की आंख की रोशनी चली गई है। आंख की रोशनी चले जाने से बच्ची का भविष्य अंधकारमय हो गया, वो रोजमर्रा के काम भी ठीक से नहीं कर पाती। इस घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है। इरफान ने कहा कि वो बेटी के लिए इंसाफ चाहते हैं। अब इस मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी टीचर आभा शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।