Advertisement
Triyuginarayan - World’s Most Divine Wedding Destination
Couples are choosing the sacred land of Lord Shiva’s wedding to begin their own love stories.
Example Ads Media
तेज अंधड़ ने देहरादून से लेकर हल्द्वानी तक खूब कहर बरपाया। कई जगह पेड़ गिरने की वजह से हादसे हुए तो कई दुकानों-घरों के टीन शेड आंधी के साथ उड़ गए। टिहरी में नावें आपस में टकरा कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शहर से लेकर गांव तक की सड़कें पेड़ गिरने की वजह से जाम रहीं। कई जगह तो लोगों को सड़कों पर ही रात गुजारनी पड़ी। हल्द्वानी के कालाढूंगी क्षेत्र में कार के ऊपर पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज का एक छात्र भी पेड़ के नीचे दबकर घायल हो गया। यहां सोमवार रात साढ़े नौ बजे तेज अंधड़ के बाद झमाझम बारिश हुई। रात को आंधी चलने के बाद लामचौड़ से कालाढूंगी को जाने वाले मार्ग में कई पेड़ गिरने से रूट को बंद करना बड़ा। रामपुर रोड में पेड़ गिरने से बेलबाबा तक जाम रहा। काठगोदाम क्षेत्र में भी वाहनों की कतारें लगी रहीं। देवलचौड़ में एमबीबीएस का छात्र पेड़ के नीचे दबकर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है
ऊधमसिंहनगर में भी रात 8 बजे के बाद आई आंधी ने बिजली आपूर्ति ठप कर दी। यहां दानपुर, जाफरपुर सहित रुद्रपुर में एलाइंस कॉलोनी में बिजली के पोल गिरने के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई जगह पर 33 केवीए की लाइन में पेड़ की टहनियों ने आपूर्ति में बाधा डाली। बाजपुर से लेकर बरैहनी तक दो दर्जन से अधिक पेड़ गिर गए हैं। बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। सड़कों पर पेड़ गिरने की वजह से बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। उधर प्रशासन ने राहत एवं बचाव के लिए 1077 नंबर पर संपर्क करने को कहा है। पिथौरागढ़ में भी आंधी-पानी से काफी नुकसान पहुंचा है। बंगापानी में गोरी नदी पर बने पैदल पुल की रेलिंग टूट गई। धारचूला में एक दर्जन से अधिक दुकानों और मकानों में पानी घुस गया। पेड़ गिरने से थल-मुनस्यारी और अस्कोट-कर्णप्रयाग मार्ग भी कई घंटों तक बंद रहे।