Advertisement
Hidden Gem Treks of Kedar Himalaya You Must Explore Once in Life
Peaceful and untouched trekking routes away from the crowds. Hidden trails where nature still remains raw and pure.
Example Ads Media
रुद्रप्रयाग: अपने पालतू कुत्ते संग केदारनाथ धाम आने वाले यूट्यूबर पर कानूनी कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वायरल वीडियो में एक युवक अपने साथ एक कुत्ते को मंदिर के बाहरी परिसर में बेरोकटोक घूमाता नजर आया। वो कुत्ते को भगवान नंदी की प्रतिमा के पास ले गया और मूर्ति को स्पर्श कराकर पूजा-अर्चना की। ये वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो गईं, और उन्होंने इस तरह की घटना पर कड़ी आपत्ति जताई। अब इस मामले में मंदिर समिति की ओर से केदारनाथ चौकी में तहरीर दी गई है। तहरीर में मंदिर समिति के कार्यधिकारी आरसी तिवारी ने कहा कि 17 मई को एक यात्री अपने कुत्ते के साथ मंदिर पहुंचा था। इस दौरान मंदिर परिसर में स्थापित नंदी की प्रतिमा को उसने कुत्ते के पैरों से स्पर्श कराया और पूजा की, जो आपत्तिजनक है।
इस कृत्य से भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। इस तरह की घटनाएं दुबारा न हो, इसलिए संबंधित यात्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। बता दें कि दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें एक यात्री कुत्ते के दोनों पैरों से नंदी की प्रतिमा को स्पर्श कराते दिखा। वहां मौजूद पुजारी ने कुत्ते को तिलक भी लगाया था। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक यूट्यूबर है। मामले को लेकर बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय का कहना है कि केदारनाथ में जो भी हुआ, वह उचित नहीं है। अपने कुत्ते के पैरों से नंदी की प्रतिमा को स्पर्श कराना धार्मिक भावनाओं के अपमान जैसा है। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने पालतू जानवरों के साथ मंदिर में न आएं। दूसरी ओर केदारनाथ पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है। जांच शुरू कर दी गई है।