Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
देहरादून: प्रदेश में लगातार दूसरी बार सत्ता संभालने वाली बीजेपी सरकार ने राज्यसभा प्रत्याशी का नाम तय कर लिया है। बीजेपी ने राज्यसभा के लिए उत्तराखंड से डॉ. कल्पना सैनी को प्रत्याशी बनाया है। उनका राज्यसभा जाना तय है। इसी के साथ उत्तराखंड इतिहास में पहली बार राजनीतिक रूप से पूरी तरह भगवामय होने जा रहा है। डॉ. कल्पना सैनी के राज्यसभा जाने के बाद ये पहला मौका होगा, जब विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा की सभी सीटों पर बीजेपी का कब्जा होगा। इस तरह बीजेपी राजनीतिक रूप से प्रदेश पर पूरी तरह से काबिज होने जा रही है। विधानसभा और लोकसभा में अपना परचम लहराने वाली बीजेपी सभी राज्यसभा सीटों पर भी काबिज होने जा रही है। राज्य की तीनों राज्यसभा सीटों पर जल्द ही बीजेपी के प्रतिनिधि सदस्य बनने जा रहे हैं। राज्य में तीन में से दो राज्यसभा सीटें पहले से बीजेपी के पास हैं। इन पर अनिल बलूनी और नरेश बंसल सदस्य चुने गए हैं। तीसरी और आखिरी सीट पर मई में चुनाव होना है। जिसके लिए कल्पना सैनी को चुना गया है।
इस सीट पर अब तक कांग्रेस के प्रदीप टम्टा राज्यसभा सदस्य थे। प्रदेश में बहुमत के आधार पर साफ है कि इस सीट पर भी अब बीजेपी का ही प्रतिनिधि राज्यसभा पहुंचेगा। इस तरह उत्तराखंड राज्य राजनीतिक रूप से पूरी तरह भगवामय होने जा रहा है। लगातार दो बार विधानसभा चुनाव में बहुमत पाने वाली बीजेपी ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भी लगातार दूसरी बार पांचों सीटों पर जीत हासिल की थी। बीजेपी का कहना है कि राज्य को ट्रिपल इंजन और पूरी तरह से भगवा होने का पूरा लाभ मिल रहा है। राज्य में बड़े प्रोजेक्ट की भरमार लगी हुई है। हालांकि कांग्रेस ने इस स्थिति को लेकर बीजेपी पर सवाल दागे हैं। कांग्रेस का कहना है कि राज्य में भले ही पूरी तरह से बीजेपी काबिज हो जाए, लेकिन इसका फायदा उत्तराखंड को नहीं मिलने जा रहा है। ट्रिपल इंजन के बावजूद उत्तराखंड में विकास को लेकर कोई खास फर्क नहीं पड़ा है।