पीड़ित ने 76 हजार रुपये देकर फाटा से केदारनाथ के लिए टिकट बुक कराया, लेकिन जब वो हेलीपैड पर पहुंचा तो पता चला कि टिकट फर्जी हैं। अब पीड़ित ने पुलिस से मदद मांगी है।
-
कोमल नेगी
-
Image: Kedarnath helicopter ticket booking fraud
रुद्रप्रयाग: एक ओर चारधाम यात्रा चरम पर है, तो वहीं दूसरी ओर साइबर ठगों ने यात्रा के नाम पर लोगों को ठगना शुरू कर दिया है।
Kedarnath helicopter ticket booking fraud
देहरादून में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां केदारनाथ के लिए हेली सेवा के नाम पर एक शख्स से 76 हजार रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर रायपुर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित शशांक जैन देहरादून के आईटी पार्क क्षेत्र में रहते हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में शशांक ने बताया कि उन्हें केदारनाथ जाना था। वो हेली सेवा से जाना चाहते थे। टिकट बुक करवाने के लिए उन्होंने इंटरनेट से हेली सेवा उपलब्ध करवाने वाली कंपनियों के नंबर तलाश किए। इस दौरान उन्होंने लेवनेल सोल्यूशन नाम के लिंक पर दिए गए नंबर पर कॉल किया तो राज नाम के व्यक्ति ने फाटा से केदारनाथ तक के लिए हेली सेवा टिकट बुक करने के एवज में 76 हजार रुपये मांगे। शिकायतकर्ता ने बैंक खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। आगे पढ़िए
जिसके बाद आरोपी ने वॉट्सएप के जरिए टिकट भेज दिए, लेकिन शशांक जब टिकट लेकर हेलीपैड पर पहुंचे तो पता चला कि टिकट फर्जी है। अब पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उधर, राजपुर क्षेत्र में भी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां खुद को विदेशी महिला बताकर भारत घूमने की बात कहकर साइबर ठग ने एक व्यक्ति से 1 लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित चंद्र सिंह नेगी कुल्हान क्षेत्र में रहते हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया कि 16 जनवरी को उनकी फेसबुक पर लंदन निवासी एक महिला से फ्रेंडशिप हुई थी। बाद में महिला पीड़ित से वॉट्सएप पर बात करने लगी। 30 मई को पीड़ित को एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी बताते हुए कस्टम क्लीयरेंस के नाम पर उनसे पहले 50 हजार और बाद में 70 हजार रुपये ठग लिए। ये पैसे मारिया जार्ज नाम की महिला के नाम पर मांगे गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने अब पुलिस से मदद मांगी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।