Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
यहां यात्रियों से भरी बस में आग लग गई। हादसे के वक्त बस में गुजरात से आए 21 यात्रियों समेत 28 लोग सवार थे, ये सभी सुरक्षित हैं। हादसे के बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया। पुलिस के अनुसार बस में सवार गुजरात के यात्री यमुनोत्री धाम जा रहे थे। तभी चलती बस में आग लग गई। गनीमत रही कि आग विकराल रूप धारण करती उससे पहले ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बस में चालक समेत कुल 28 लोग सवार थे। इनमें 21 गुजरात के यात्री थे। शनिवार की दोपहर करीब पौने दो बजे बस जैसे ही दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर कटापत्थर गांव के पास पहुंची, बस में से धुआं उठने लगा। पीछे चल रहे दूसरे वाहन के यात्रियों ने इसकी सूचना बस चालक को दी। तब चालक ने बस बीच सड़क पर ही रोक दी, और यात्रियों को बस से बाहर निकलने को कहा।
यात्रियों के बस से निकलते ही आग भड़क गई। बाद में डाकपत्थर पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि बस में खाना पकाने के लिए दो गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे, गनीमत रही कि गैस सिलेंडरों को फटने से पहले ही बाहर निकाल लिया गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारण यात्रियों का समान, बैग, कपड़े, नगदी आदि जलकर राख हो गए, लेकिन सभी 28 सवारों की जान बच गई। पुलिस ने बताया कि हादसा होने के बाद यात्रियों ने यमुनोत्री जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। उनके लिए हरिद्वार जाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कराई गई। जिसमें सवार होकर सभी यात्री हरिद्वार रवाना हुए। हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट होना बताई जा रही है।