Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
हरिद्वार: तिहाड़ जेल से हरिद्वार जेल में शिफ्ट हुए हिस्ट्रीशीटर सुनील राठी ने जेल में दबंगई दिखाना शुरू कर दिया है। सुनील राठी ने जेल में गैंग बना लिया है।
वो जेल में अपने लिए सुविधाएं जुटाने की कोशिश करता है, जेलकर्मी मना करते हैं तो उनके साथ बदसलूकी की जाती है। बीते दिनों सुनील राठी ने बैरक में बेड समेत कई सुविधाओं की मांग की। मांग पूरी नहीं हुई तो उसने अपने पुराने साथी प्रवीण वाल्मीकि के साथ मिलकर कैदियों संग मारपीट की। इन तमाम चर्चाओं के बीच जेल के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज आर्य छुट्टी पर चले गए हैं। कुख्यात सुनील राठी बीते महीने दिल्ली की तिहाड़ जेल से हरिद्वार शिफ्ट हुआ है। उसके आते ही वरिष्ठ अधीक्षक मनोज आर्य ने आला अधिकारियों को लेटर लिखकर सुनील राठी को किसी और जेल में शिफ्ट करने की मांग की थी, लेकिन इस पर कोई संज्ञान नही लिया गया।
अब चर्चा है कि सुनील राठी ने जेल में अपने खास गुर्गे प्रवीण वाल्मीकि के संग मिलकर एक कैदी के साथ मारपीट की। जेल स्टाफ के साथ बदसलूकी किए जाने की भी खबर है। कहा जा रहा है कि सुनील राठी अपने लिए जेल में सुविधाएं मांगता है। राठी की दबंगई के सामने जेल प्रशासन भी बेबस नजर आ रहा है। जेल में होने वाले मनोरंजक कार्यक्रम भी बंद कर दिए गए हैं। जेल अधिकारी परेशान हैं, वो अपनी व्यथा उच्चाधिकारियों को बता चुके हैं, लेकिन कोई सुन नहीं रहा। हाल में यहां बंदी की पिटाई का मामला सामने आया, जिसके बाद जेल के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज आर्य छुट्टी पर चले गए। जेल का अतिरिक्त प्रभार रुड़की जेलर जेपी द्विवेदी को दिया गया है। कैदी की पिटाई के बारे में उनका कहना है कि इस बारे में उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है।